ब्यूरो रिपोर्ट!

आखिरकार राजस्थान प्रदेश  देश के सबसे संक्रमित राज्यों में शुमार हो ही गया। रविवार को आए आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में कुल संक्रमित केस की संख्या 2 लाख 189 दर्ज की गई है। इसमें रविवार को नए आए प्रदेश में कुल 17921 केस भी शामिल है। हम आपको यह बता रहे हैं कि आप अब अखबारों में सुबह देख लेना मोटे मोटे हेडिंग आएंगे। राजस्थान में संक्रमित केसों की संख्या दो लाख पार। यह बात राजकाज टीम पिछले 3 दिन से कह रही है कि हम इस आंकड़े के करीब हैं। शनिवार को भी हमने कहा था कि अगले 24 घंटों में राजस्थान में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा दो लाख पार हो सकता है। दरअसल जो आंकड़े हैं वे पिछले 24 घंटे के दौरान किए गए टेस्ट पर निर्भर करते हैं। टेस्ट ज्यादा होते हैं तो आंकड़े कुछ और होते हैं। टेस्ट कम होते हैं तो आंकड़े कम होते हैं।


 फिलहाल सबसे चिंताजनक बात तो यह है कि संक्रमित केसों के आंकड़े भले ही उपर नीचे होते रहे लेकिन प्रदेश में इस महामारी से हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। एक तरह से देखा जाए तो हाहाकार की स्थिति मची हुई है। राजधानी जयपुर में मौतों का मंजर भयानक होता जा रहा है । इन दिनों प्रिंट मीडिया में छप रहे विज्ञापन इस बात का सटीक उदाहरण है। मौतों का सिलसिला रविवार को आए आंकड़ों में भी बरकरार रहा। इस दिन प्रदेश में कुल 159 लोगों ने कोरोना के आगोश मे अपनी जान गवाई। जिनमें सर्वाधिक राजधानी जयपुर में 55, उदयपुर में 18, जोधपुर में 15, बीकानेर में 10 और बाड़मेर में 7 लोगों ने कोरोना वायरस के चलते दम तोड़ दिया।


 वहीं दूसरी ओर रविवार को आए आंकड़ों के मुताबिक कुल संक्रमित मरीजों में राजधानी जयपुर में सर्वाधिक 3402, जोधपुर में 2238, अलवर में 1207 और उदयपुर में 1202 सहित कोटा में 1147 संक्रमित के पाए गए। यहां एक बात गौर करने लायक ये रही कि शनिवार को जोधपुर में 2000 से कम केस थे वही कोटा में 1000 से काफी कम केस थे। लेकिन दोनों जगह अब अचानक संक्रमित केस की संख्या में बूस्ट होना यह दर्शाता है कि जहां-जहां जितने सैंपल लिए जाएंगे उसी के अनुसार सही पॉजिटिव केस की संख्या सामने आएगी। कुल मिलाकर देखा जाए तो पूरे प्रदेश में बाड़मेर से लेकर गंगानगर तक और भरतपुर से लेकर जोधपुर तक। सब जगह पॉजिटिव केस का ग्राफ चिंताजनक स्थिति में है।