कोटा से हंसपाल यादव की रिपोर्ट।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से सोमवार को कोविड से स्वस्थ हो चुकी एक नवप्रसूता को निशुल्क एंबुलैंस सेवा के माध्यम से खानपुर (झालावाड़) स्थित घर पहुंचाया गया। महिला ने ने शनिवार को ही बच्चे को जन्म दिया था। कमजोर आर्थिक स्थिति होने के कारण उसकी पति निजी एंबुलैंस का किराया देने की स्थिति में नहीं था।
खानपुर निवासी प्रियंका प्रजापति कोविड पाॅजीटिव थी। उसका पति मनोज खानपुर में प्लम्बर का काम करता है। प्रसव का समय निकट आता देख खानपुर के डाक्टरों ने उसे कोटा जाने की सलाह दी। इस पर मनोज 18 मई को उसे कोटा ले आया और यहां न्यू मेडिकल काॅलेज में उसे भर्ती कराया। यहां प्रियंका को कोविड का उपचार किया गया। इस बीच शनिवार प्रियंका ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। डाक्टरों ने उसे अपनी देखरेख में रखा, इस बीच प्रियंका की कोविड रिपोर्ट भी निगेटिव आ गई। ऐसे में डाक्टरों ने सोमवार को प्रियंका को डिस्चार्ज कर दिया।
अस्पताल के बाहर आकर मनोज ने निजी एंबुलैंस संचालकों से बात की। उन्होंने जो किराया बताया वह मनोज आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण देने की स्थिति में नहीं था। इस बीच उसे किसी ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला की प्रेरणा से प्रारंभ निशुल्क एंबुलैंस सेवा की जानकारी देते हुए उसे लोकसभा कैंप कार्यालय संपर्क करने को कहा। मनोज ने लोकसभा कैंप कार्यालय संपर्क कर पूरी बात बताई और मदद का आग्रह किया। कैंप कार्यालय से उसे आश्वस्त किया गया कि महिला को पूरी सुरक्षा के साथ घर पहुंचाया जाएगा। इसके बाद प्रियंका को न्यू मेडिकल काॅलेज में मरीजों को आक्सीजन की सुविधा देने के लिए खड़ी करवाई गई एंबुलैंस से खानपुर के लिए रवाना किया गया। इस सुविधा के लिए मनोज कुमार ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला का आभार जताते हुए कहा कि लोकसभा कैंप कार्यालय में पहले आग्रह पर ही निशुल्क एंबुलैंस की सुविधा मिल गई। 24 घंटे 7 दिन उपलब्ध इस सेवा का अब तक 152 से अधिक कोविड मरीज़ों को घर से अस्पताल व अस्पताल से घर पहुँचाया है ।



0 टिप्पणियाँ