पंचायत समिति हिण्डौन की ग्राम पंचायत पाली के पटवारी को एसीबी की टीम ने मंगलवार को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धार दबोचा । पटवारी ने रिश्वत की राशि भूमि का नामांतरण खोलने के एवज में मांगी थी।एसीबी करौली के उपाधीक्षक अमर सिंहके अनुसार आरोपी पटवारी यशपाल सिंह है, जो पाली ग्राम पंचायत में तैनात है। पटवारी के खिलाफ सिंघान जट्ट गांव निवासी इंद्रेश कुमार जाटव ने परिवाद दर्ज कराया था। पीड़ित का आरोप था कि उसकी मां और चाचा के नाम से खरीदी गई जमीन का नामांतरण खोलने के एवज में सूरौठ तहसील में 28 अप्रैल को पांच हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। पूर्व में भी परिवादी कई बार पटवारी को टुकड़ों में रिश्वत की राशि दे चुका है। शिकायत के सत्यापन के बाद मंगलवार को हिंडौन तहसीलदार के कार्यालय के पीछे एक नीम के पेड़ के नीचे परिवादी ने पटवारी को रिश्वत की राशि सौंपी और  तभी पीछे से एसीबी की टीम ने दोषी पटवारी को रंगे हाथ दबोच लिया। सूचना पर नई मंडी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। करीब 3 घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान तहसील परिसर में लोगों का जमावड़ा लग गया।