जिले में कोविड वैक्सीनेशन का काम वैक्सीन उपलब्धता के अनुसार राज्य सरकार के निर्देशानुसार बेहतर ढंग से चल रहा है और अब तक लोगों को 4 लाख 404 डोज लग चुके हैं। जिले में वैक्सीन का कुल वेस्टेज महज 0.9 फीसदी है जो राज्य सरकार द्वारा निर्धारित अनुमत सीमा में है।
जिला कलक्टर साँवर मल वर्मा ने बताया कि चूरू जिले को 21 मई तक 4 लाख 4 हजार 20 डोज प्राप्त हुए हैं, जिनमें चार लाख डोज कोविशील्ड तथा 4020 डोज कोवेक्सीन के हैं। इनमें से कुल 4 लाख 404 डोज 21 मई तक लोगों को लगाए जा चुके हैं। इसमें 3 लाख 96 हजार 942 डोज कोविशील्ड तथा 3462 डोज कोवेक्सीन के लगे हैं। इस प्रकार प्राप्त डोज में से 99.10 प्रतिशत का उपयोग किया गया है। इस आधार पर चूरू जिले में कुल वेस्टेज महज 0.9 प्रतिशत है, जो कि राज्य सरकार द्वारा निर्धारित सीमा में है।
जिला कलक्टर ने बताया कि कोविन पोर्टल पर जिले को कोवेक्सीन के 3820 तथा कोविशील्ड के 5 लाख 15 हजार 890 डोज उपलब्ध कराना बताया गया है। सीएमएचओ से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार यह त्रुटि कोविन पोर्टल पर एंड सेशन के समय संबंधित संस्थान प्रभारी द्वारा वैक्सीनेशन यूटीलाइजेशन रिपोर्ट के दौरान गलत एंट्री होने से हुई है। संबंधित प्रभारी अधिकारी को सीएमएचओ द्वारा नोटिस जारी किया गया है तथा भविष्य के लिए सावचेत कर दिया गया है कि भविष्य में एंड सेशन करने से पूर्व उनके कार्यालय को सूचित करने के उपरांत ही प्रविष्टि की जाए। उन्होंने बताया कि इस त्रुटि के कारण जिले में वैक्सीन का 39.37 प्रतिशत वेस्टेज होने की भ्रामक स्थिति पैदा हुई जो सही नहीं है। जिले का वास्तविक वेस्टेज महज 0.9 प्रतिशत है।


0 टिप्पणियाँ