कोटा से हँसपाल यादव की रिपोर्ट।
मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय के तीन ब्लॉक में बनने वाले आईसीयू में अब 55 के स्थान पर 60 बेड का निर्माण किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विजय सरदाना ने मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय और सुपर स्पेशयलिटी ब्लॉक के विस्तृत निरीक्षण के बाद यह निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि इन तीन ब्लॉक में पर्याप्त स्थान होने से 55 के स्थान पर 60 आईसीयू बेड के निर्माण का निर्णय लिया गया है।
डॉ. सरदाना ने निरीक्षण के दौरान निर्मित होने वाले ऑक्सीजन प्लांट का स्थान का मुआयना किया और ऑक्सीजन आपूर्ति के लिए तैयार की जा रही पाइपलाइनों का निर्माण कार्य मौके पर जाकर देखा। उन्होंने द्वितीय मंजिल पर जारी निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। डॉ. सरदाना ने सुपर स्पेशयलिटी ब्लॉक के निरीक्षण के दौरान शौचालयों को देखा। कई शौचालय में निकास अवरुद्ध होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को इन्हें दुरुस्त करने के लिए एस्टीमेट बनाकर शीघ्र कार्य शुरु करने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय के दवा काउंटरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार से दवाओं की कमी नहीं होने पाए। उन्होंने दवाओं के साथ इन्हें लेने के संबंध में उपयुक्त परामर्श देने का भी आग्रह किया।
प्राचार्य ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा कि कोविड वार्डों में अनावश्यक भीड़ नहीं जुटे और केवल पासधारी तीमारदारों को ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने कोविड रोगियों के तीमारदारों से भी चर्चा कर उनके फीडबैक लिए। उन्होंने संपूर्ण परिसर की साफ-सफाई के लिए अतिरिक्त इंतजाम करने के निर्देश दिए। प्राचार्य ने सेन्ट्रल लैब का निरीक्षण कर जांचों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों पर चर्चा की और जांच रिपोर्ट निश्चित समय सीमा में देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नवीन चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. सी.एस.सुशील, सुपरस्पेशीयलिटी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. नीलेश जैन, संबंधित विभागाध्यक्ष, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद थे।


0 टिप्पणियाँ