राजधानी जयपुर में ऑपरेशन क्लीन स्वीप में नशीली दवाओं के सौदागर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 5 करोड़ रुपए की 25 लाख नशीली दवाएं व कैप्सूल बरामद किए हैं। नशे की यह खेप जयपुर से प्रदेश के अलग-अलग शहरों में भेजा जाता है। हैरानी की बात है कि नशीली दवाओं को बिना बिल व लाइसेंस के ट्रांसपोर्ट के जरिए बाहर भेजा जा रहा था। विश्वकर्मा पुलिस ने टेम्पो चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में जुटी है।
विश्वकर्मा पुलिस ने मोहम्मद ताहिर निवासी महावतों को मोहल्ला, घाटगेट को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी मांगीलाल बिश्नोई ने बताया कि रविवार सुबह लोडिंग टेम्पो से सांगानेर या विश्वकर्मा में नकली दवाओं को ले जाने की सूचना मिली। तब पुलिस टीम अलर्ट हो गई। विश्वकर्मा में ही टेम्पो के आने की सही जानकारी मिली। पुलिस टीम पीछा करने लगी। ट्रांसपोर्ट कंपनी के पास टेम्पो को पकड़ लिया। दवाओं का वजन करीब 8 क्विंटल 67 किलोग्राम निकला। ड्रग कंट्रोलर टीम को भी बुलाया गया। टेम्पो से 25 लाख नशीली टैबलेट व कैप्सूल मिले। जांच में पुलिस को पता लगा कि मोहम्मद ताहिर नशीली दवाओं को मानसरोवर से टेम्पो में लेकर आया था। नशीली दवाओं को ट्रांसपोर्ट के जरिए अजमेर भेजा जाना था। टेम्पो चालक से पता लगा कि दवाओं को मुहाना में एक गोदाम से लेकर आया था। इन दवाओं का कोई बिल, लाइसेंस भी नहीं मिला है। पुलिस की टीम ताहिर से नशीली दवाओं के बारे में पूछताछ कर रही है।


0 टिप्पणियाँ