महाराष्ट्र और गुजरात सहित कई तटीय इलाकों में तबाही मचा चुका तोउते तूफान प्रदेश में दस्तक दे चुका है। राजस्थान के डूंगरपुर सिरोही, उदयपुर, जालौर और पाली जिलों में इसको लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिणी पूर्वी अरब सागर की घाटी से उठे चक्रवाती तूफान तोउते ने राजस्थान में प्रवेश से पहले ही असर दिखाना शुरू कर दिया था। 



सोमवार को इसका सर्वाधिक असर डूंगरपुर जिले मे रहा। वहां मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। उदयपुर और झालावाड़ में भी बारिश हुई। वहीं प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल छाए रहे हल्की बारिश भी हुई और इसके चलते तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को प्रदेश में इसका सर्वाधिक असर रहेगा। मंगलवार को 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें बांसवाड़ा भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, राजसमंद चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, सिरोही, उदयपुर, जालौर पाली, बाड़मेर, जैसलमेर और जोधपुर जिले शामिल हैं। इनमें से 5 जिलों में डूंगरपुर, सिरोही, उदयपुर, जालौर और पाली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बाकी सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बुधवार को प्रदेश के अजमेर अलवर, भीलवाड़ा, दौसा, जयपुर, झुंझुनू, सीकर, टोंक, बीकानेर, चूरू, जोधपुर, नागौर और पाली जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इनमें से तीन जिलों अजमेर पाली और नागौर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार तूफान की वजह से थंडर स्टॉर्म के साथ ही भारी बारिश होने की संभावना है।



ब्यूरो रिपोर्ट!