नागौर से शबीक उस्मानी की रिपोर्ट।
नागौर जिला कलेक्टर डॉ जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देशों पर इन दिनों नागौर जिले में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है । इसी सिलसिले में मंगलवार को जिले की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया । मकराना के खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेन्द्र चौधरी ने बताया कि अवैध चिकित्सा प्रेक्टिस कर रहे नीम हकीमों के खिलाफ कार्रवाई को लेकर टीमें गठित की गई थी। इसके चलते मंगलवार को एक ही दिन में पूरे मकराना ब्लॉक में झोलाछाप डॉक्टरों और नीम हकीमों के अवैध रूप से संचालित 27 क्लिनिक सीज किए गए हैं। संबन्धित क्षेत्रों के सीएचसी व पीएचसी प्रभारी अथवा उप स्वास्थ्य केन्द्रों की एएनएम ने बीएलओ के साथ मिलकर कार्रवाई को अंजाम देते हुए अपने अपने क्षेत्र के क्लिनिक सीज किए ।
सीज किए गए सभी क्लीनिकों के बाहर नोटिस चस्पा किए हैं। कार्रवाई के दौरान कहीं पर भी नीम हकीम की दुकान और क्लिनिक खुले नही मिले । चस्पा किए गए नोटिस में उनसे दस्तावेज तलब किए गए हैं। बीसीएमओ ने बताया कि इन्दौखा में एक, जूसरिया में दो, सबलपुर में एक, रतनपुरा में एक, बिल्लू में तीन, बेसरोली में एक, कोलाडूंगरी में एक, बुड़सू में एक, खारडिय़ा में दो, झलामलिया में एक, गैलासर में एक, रामसिया में दो, रानीगांव में दो, नूंदड़ा में एक, नांदोली मेड़तिया में एक, कल्यापुरा गौरावा में दो, धानणवा में एक, गिंगालिया में एक तथा गेहढ़ाकलां में एक झोलाछाप के अवैध क्लिनिक को सीज किया गया है।
गौरतलब है कि कोरोना महामारी के संकटकाल में नागौर जिले के कई गांवों में झोलाछाप डाॅक्टर,नीम-हकीम,ग्रामीणों का इलाज करने के नाम पर उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। इसे लेकर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने जिलेभर में झोलाछाप डॉक्टरों-हकीमो के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे । इसके बाद से ही जिले के विभिन्न उपखण्ड में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके क्लिनिक सीज किए गए है लेकिन मकराना ब्लॉक में मंगलवार को की गई कार्रवाई ,जिले में अब तक कि सबसे बड़ी कार्रवाई है जिसमे एक साथ 27 क्लिनिक सीज किए गए है ।




0 टिप्पणियाँ