कोटा से हँसपाल यादव,

कोटा में 5 साल का बच्चा खेलने के दौरान 40 फीट की ऊंचाई से नहर में गिर गया। बच्चे को गिरता देख मां ने भी पलक झपकते ही नहर में छलांग लगा दी। शुक्र था कि आसपास लोग थे। उन्होंने मां और मासूम को रेस्क्यू करके नहर से बाहर निकाला। बच्चा पूरी तरह से सुरक्षित है, जबकि मां के हाथ में फ्रैक्चर आया है। सकतपुरा की रहने वाली रुबीना 5 साल के बेटे

के साथ शनिवार दोपहर 1 बजे कुन्हाड़ी क्षेत्र में 130 MLD पंप हाउस के पास नहर की ओर लकड़ी काटने गई थी। उसी दौरान वहां खेल रहा बच्चा फिसलकर 40 फीट की ऊंचाई से नहर से गिर गया। बच्चे को गिरता देख रुबीना चिल्लाई और खुद भी नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोग नहर की ओर दौड़ें। पुलिस को भी सूचना दी गई।

40 मिनट मे निकाला बाहर,

उसका घर पास में ही था तो मौके पर उसके पिता और पति भी पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को करीब 40 मिनट बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। गर्मी के कारण नहर में केवल घुटनों तक पानी था फिर भी मां-बेटे को मामूली चोटें आई हैं।

सिपाही की तत्परता आई काम,

कांस्टेबल किशन गोपाल यादव ने बताया कि दोपहर 1 बजे महिला व बच्चे के नहर में गिरने की सूचना पर सिपाही संजय के साथ मौके पर पहुंचा। नहर में पानी कम होने से दोनों मां और बच्चा साफ नजर आ रहे थे। तुरंत रस्सी मंगवाई गई। क्योंकि, नहर बहुत गहरी थी। महिला का पति नहर में उतरा। इस दौरान आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़कर आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से रस्से व सीढ़ियों के सहारे पहले बच्चे को फिर मां को बाहर निकाला। इस दौरान निगम की गोताखोर टीम भी मौके पर पहुंच गई। गनीमत रही की नहर में केवल घुटनों तक पानी था। वरना बड़ा हादसा हो सकता था। महिला

के हाथ में ज्यादा चोट लगी है। बच्चे को मामूली चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए परिजन अस्पताल लेकर गए हैं।