भरतपुर से राजेंद्र जत्ती शर्मा की खबर,
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ सुभाष गर्ग ने शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज में आयोजित बैठक में जिला कलक्टर को निर्देश दिए कि चिकित्सालय में जांच एवं अन्य कार्यों के लिए तय की गई दरों को तर्कसंगत एवं न्यायोचित बनाएं ताकि चिकित्सालय में आने वाले गरीब रोगियों पर आर्थिक भार नहीं पड़ सके। बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि दरों को तर्कसंगत बनाने के लिए मेडिकेयर रिलीफ सोसायटी की बैठक आयोजित करें और बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर जांचों की दरें तय करें।उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को भी निर्देश दिए कि वह प्रतिदिन आरबीएम चिकित्सालय का दौरा कर पर्यवेक्षण करें और कहीं कोई कमी हो तो उसे पूरा कराने का प्रयास करें ।
उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि प्रयोगशाला में जाॅचों के लिये एकत्रित होने वाले सैम्पलों का प्रतिदिन वैरीफिकेशन करें। उन्होंने स्कीम नंबर 10 में प्रस्तावित ट्रोमा सेंटर की डिजाइन तैयार कर भवन निर्माण के लिए डीएमएफटी को प्रस्ताव भिजवाए ताकि आवश्यक राशि आवंटित हो सके। उन्होंने उच्चैन व हलैना के लिये स्वीकृत किये गये ट्रोमा सेंटरों के भवन निर्माण की डीपीआर बनाने के निर्देश भी दिये । इन ट्रोमा सेंटरों में इन्डोर की व्यवस्था के लिये निर्धारित मानकों के तहत पलंगों की संख्या अनुसार निर्माण का कार्य कराने के लिये डिजाइन तैयार करायें। इसके बाद राज्य मंत्री डॉ. गर्ग ने सेक्टर 13 में आयुर्वेदिक कॉलेज भवन के लिए आवंटित की जाने वाली भूमि का अवलोकन भी किया और निर्देश दिए कि भूमि आवंटित कराने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भिजवाऐं। इस दौरान जिला कलेक्टर नथमल डिडेल एवं नगर विकास न्यास आयुक्त नीलमा तक्षक सहित संबंधित अधिकारी साथ थे।



0 टिप्पणियाँ