सिरोही से गणपत सिंह मांडोली की रिपोर्ट।
कोरोना की दूसरी लहर की मार झेल रहे सिरोही वासियों की सुध लेने के लिए लम्बे इंतज़ार के बाद आखिर आज सांसद देवजी पटेल सिरोही आ ही गए। वैसे तो सांसद देवजी पटेल पिछले लम्बे समय से सिरोही से गायब हैं। पर इस महामारी के दौर में सांसद का अपने क्षेत्रवासियों की सुध नही लेना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ हैं। सोशल मीडिया पर चल रही लगातार चर्चा के बाद आज सांसद महोदय सिरोही पहुंचे, जहाँ जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ सर्किट हाऊस में विस्तृत चर्चा की। सांसद देवजी पटेल ने सीएमएचओ डॉ राजेशकुमार से चर्चा करते हुए ऑक्सीजन की उपलब्धता की जानकारी ली। सांसद ने कहा कि जिले के ऑक्सीजन संयंत्र में ऑक्सीजन का उत्पादन कैसे बढ़ाया जाए, इसकी रूपरेखा तय कीजिए। जितना धन चाहिए, उपलब्ध करवाया जायेगा। सरकार से नही होगा तो सांसद महोदय अपने घर से पैसे देंगे। ये भी वादा किया। पर सांसद महोदय ने एक बार भी अधिकारियों से नही पूछा कि महामारी की इस दूसरी लहर में कितने घरों के चिराग बुझ गए।
सिर्फ जिला अस्पताल में आज एक दिन में 15 मौते
कोरोना की दूसरी लहर के कहर की अगर बात करें तो आज सिर्फ एक दिन में ही सिर्फ जिला अस्पताल में 15 लोगो की मौत हो गई। जिसमें से 4 कोरोना पॉजिटिव वही 11 कोरोना के संदिग्ध मरीज थे। वही पिछले 11 दिन की बात करें तो अब तक जिला अस्पताल में 65 लोगो की मौत हो चुकी हैं। जिसमें से 13 कोरोना पॉजिटिव मरीज थे वहीं 52 कोरोना के संदिग्ध मरीज थे। ये आंकड़े सिर्फ सिरोही जिला अस्पताल के हैं। पूरे जिले के आंकड़े और भी चौकाने वाले होंगे।
2 घण्टे में निपट गया सांसद का सिरोही दौरा
लम्बे समय से इंतज़ार कर रहे सिरोही जिलेवासियों के लिए सांसद देवजी पटेल का पास कितना समय हैं इसका अंदाज़ा उनके आज के सिरोही दौरे से लगाया जा सकता हैं। सांसद महोदय दोपहर बाद करीब 4.30बजे सिरोही के सर्किट हाऊस पहुंचे। जहां पहले भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की उसके बाद जिला स्तरीय अधिकारियों से चर्चा की। उसके बाद मीडियाकर्मियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई। अंत में औपचारिकता करने के लिए सांसद महोदय जिला अस्पताल भी पहुंचे और अस्पताल में निरीक्षण किया। इस पूरे दौरे में सांसद देवजी पटेल मात्र 2 घण्टे सिरोही रुके। और 6.30 बजे से पहले पहले सांसद महोदय सिरोही से रवाना भी हो गए।
सांसद के इस दौरे के दौरान भाजपा की आईटी सेल पूरी सक्रिय रही। सांसद के सर्किट हाऊस में अधिकारियों के साथ चर्चा से लेकर मीडिया प्रेस कॉन्फ्रेंस और अस्पताल निरीक्षण के खूब फ़ोटो खिंचे गए। ताकि सोशल मीडिया पर इन फ़ोटो को वायरल करके जिलेवासियों की सिम्पेथी हासिल की जा सके।





0 टिप्पणियाँ