जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  नए डीआईपीआर निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा ने सूचना जनसंपर्क विभाग के अपने कक्ष में शनिवार को कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार संभालने के बाद शर्मा ने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि विभाग सरकार की प्राथमिकता अनुसार काम करेगा। शर्मा ने कहा कि गहलोत सरकार एक के बाद एक अहम निर्णय ले रही है उन निर्णयों का फायदा ज्यादा से ज्यादा आम आदमी तक मिले, इसके लिए  विभाग काम करेगा। उन्होंने कहा कि अभी सरकार की प्राथमिकता कोरोना मैनेजमेंट है और जन अनुशासन पखवाड़े के तहत निर्देशों की पालना बेहतर ढंग से हो, इसका ध्यान रखा  जाएगा। सरकार की योजनाओं को आम आदमी तक और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने में सोशल मीडिया की भी उन्होंने अहम भूमिका बताई जिसे और मजबूत करने पर उन्होंने जोर दिया।