जालोर से सुरेश धवल की रिपोर्ट,
जालोर जिले में एक बार फिर कोरोना ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है और इसी के तहत जनवरी में 20 व फरवरी में केवल 6 मरीज पॉजिटिव आने के बाद कोरोना लोगों को सिमटता हुआ नजर आ रहा था। लेकिन मार्च माह की शुरुआत के साथ कोरोना की फिर वापसी हाे गई। अकेले मार्च महीने में 74 मरीज पॉजिटिव आ गए। साथ ही खतरा इस बात का है कि पिछले दो दिनों में 15 मरीज मिले हैं। मंगलवार को एक साथ 12 मरीज पॉजिटिव आए जो लोगों द्वारा बरती जा रही लापरवाही का उदाहरण है। साथ ही जिले में कोरोना के 56 एक्टिव केस हैं। हालांकि राहत यह है कि इनमें से एक भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं होने से वेटिलेंटर पर एक भी मरीज नहीं है। जिले में कोरोना संक्रमित मरीज आने पर उनको होम क्वारेंटाइन किया जा रहा है। साथ ही जिले में कोरोना से मार्च माह में एक मौत होने से मृतकों की संख्या में 57 हो गई है। इस साल 2021 में कोरोना से पहली मौत 13 मार्च को हुई थी।इधर बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए शहर में बिना मास्क घूमने वालों लोगों के खिलाफ चालान काटने की कार्रवाई नगरपरिषद द्वारा शुरू की गई। नगरपरिषद की टीम द्वारा शहर में बिना मास्क पहने घूमने वाले लोगों दुकानदारों रिक्शा चालकों लॉरी ठेला विक्रेता समेत 17 जनों पर कार्रवाई करते हुए 3400 रुपए का जुर्माना वसूला गया। कोरोना के एक बार वापस बढ़ रहे मरीजों के कारण चिकित्सा विभाग भी अलर्ट हो गया हैं। इसके चलते विभाग द्वारा गंभीर हालात होने पर अस्पताल में क्वारेंटाइन सेंटर की पूर्व व्यवस्था की हैं। साथ ही विभाग द्वारा जिले में कोरोना की सैंपलिंग बढ़ा दी है और वैक्सीनेशन के दौरान अधिकाधिक लोगों का लक्ष्य बढ़ाकर टीकाकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। जिसके तहत कुल 2 लाख 12 हजार 672 लोगों की सैंपलिंग की गई है। वही वैक्सीनेशन के दौरान अब तक कुल 2 लाख 38 हजार 906 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वहीं, राहत की बात यह भी है कि जिले में कोरोना मरीजों की रिकवरी रेट ठीक है, अभी तक कुल संक्रमित 5864 में से 5755 रिकवर भी हो चुके हैं।

0 टिप्पणियाँ