ब्यूरो रिपोर्ट।

सहाड़ा उपचुनाव में भाजपा के बागी लादू लाल पितलिया की नामांकन वापसी का राजनीतिक उबाल दूसरे दिन भी उफान पर रहा। दोनों ही पार्टियों के प्रदेश अध्यक्ष इस मुद्दे पर आमने सामने डटे रहे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डोटासरा ने भाजपा पर राजनीतिक दबाव का आरोप लगाया। वहीं पूनिया ने इसे हर चुनाव की आम बात बताते हुए कांग्रेस पर ओछी राजनीति करने का आरोप जड़ दिया। डोटासरा ने कहा कि पितलिया के ऑडियो वीडियो यह सब दिखा रहे हैं कि भाजपा ने उन्हें डरा धमकाकर नाम वापस करवाया। इस कदर डराया कि वह अपनी बात मीडिया से भी नहीं कह सके। भाजपा ने पहले तो उन्हें टिकट देने का भरोसा दिलाया और ऐन वक्त पर उनकी जगह रतन लाल जाट को टिकट दे दिया और पितलिया के निर्दलीय उम्मीदवार बनने पर डराने धमकाने और दबाव बनाने की राजनीति कर उनका नामांकन वापस करवा दिया।

दूसरी ओर सतीश पूनिया ने कहा कि यह सब बातें कांग्रेस का प्रोपेगेंडा है। ऑडियो वीडियो और चिट्ठी पत्री की बात का कोई आधार नहीं है। दबाव की राजनीति गॉसिप के सिवाय कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि पितलिया यदि चुनाव लड़ते तो इससे कांग्रेस को ज्यादा फायदा होता इसीलिए कांग्रेस भाजपा पर निराधार आरोप लगा रही है।