झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत की रिपोर्ट। 

झालावाड़ जिले में कोरोना संक्रमण के चलते जिला अस्पताल में नए संक्रमितो को भर्ती करने की भी जगह नहीं बची है, ऐसे में लगातार बिगड़ते हालात के बीच ऑक्सीजन सिलेंडर की भी खपत बढ़ गई है। बीते 2 दिनों से ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग अनुसार आपूर्ति भी नहीं हो पा रही थी। इसी बीच देर शाम झालावाड़ जिले के लिए बड़ी राहत की खबर उस समय आई जब भिवाड़ी से लिक्विड ऑक्सीजन का टैंकर पुलिस एस्कॉर्ट के साथ झालावाड़ पहुंचा।

झालावाड़ जिला कोविड अस्पताल में प्रतिदिन 650 से 700 सिलेंडर की खपत हो रही है,जिसकी मांग के अनुसार पूरी तरह आपूर्ति भी नहीं हो पा रही थी, जिसके चलते हालात बिगड़ने की आशंका थी। ऐसे में झालावाड़ जिले के कोविड रोगियों के लिए राहत की उस समय बड़ी खबर आई, जब भिवाड़ी से लिक्विड ऑक्सीजन से भरा टैंकर झालावाड़ पहुंचा और वितरक कंपनी सिया गैसेज प्लांट पर लिक्विड ऑक्सीजन को खाली कराया।

                                                                     


लिक्विड टैंकर के साथ भिवाड़ी से पहुंचे प्रभारी कर्मचारी मनीष ने  बताया कि टैंकर में कुल 12 टन लिक्विड ऑक्सीजन है जिसमें से 6 टन झालावाड़ को आपूर्ति करनी थी, लेकिन यहां की मांग को देखते हुए ऊपर से निर्देशानुसार 2 टन ऑक्सीजन गैस अतिरिक्त देने के निर्देश मिले हैं। ऐसे में अब झालावाड़ के सिया गैसेज प्लांट पर कुल 8 टन लिक्विड ऑक्सीजन की आपूर्ति की गई है।

बरहाल 8 टन लिक्विड ऑक्सीजन मिलने के बाद अब वितरक कंपनी द्वारा अगले 3 दिनों की आपूर्ति जितना ऑक्सीजन सिलेंडर्स का अतिरिक्त रिजर्व कोटा सुरक्षित रहेगा, जो किसी भी मुश्किल घड़ी में रोगियों की जान बचाने में मददगार होगा।