चित्तौड़गढ़ से गोपाल चतुर्वेदी की रिपोर्ट,
चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा में शनिवार को करीब 45 लाख रुपए की लूट की वारदात हुई है। यहां एक्सिस बैंक के अंदर घुस कर अज्ञात बदमाश बंदूक की नोक पर लाखों रुपए लूट कर ले गए। प्रारंभिक तौर पर यह राशि 45 लाख रुपए बताई जा रही है। कैश की गिनती के बाद ही रुपए कितने लूटे गए हैं, इसके बारे में जानकारी मिलेगी। लूट के दौरान बदमाशों ने एक बैंककर्मी के सिर में भी वार किया जिस पर उसे उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाना पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही निंबाहेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची है। अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। घटना को लेकर पूरे जिले में नाकाबंदी करवा दी गई है और अज्ञात बदमाशों की तलाश की जा रही है। इधर, बताया जा रहा है कि बदमाश बैंक में खाता खुलवाने के बहाने से घुसे। वहीं एक महिला और एक पुरुष ग्राहक की सोने की चेन भी झपट कर ले गए। मामले की सूचना मिलने पर एसपी दीपक भार्गव व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मतसिंह देवल भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली है।

0 टिप्पणियाँ