जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट
सचिवालय में बुधवार को स्टेट लेवल स्टेयरिंग कमेटी की बैठक का आयोजन हुआ। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव निरंजन आर्य ने अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगते क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के आवागमन सुविधा के लिहाज से अहम सड़कों के निर्माण और सुधार के लिए प्रस्ताव बनाकर भिजवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सीमावर्ती जिलों के जिला कलक्टर्स को निर्देश दिए कि वे सुरक्षा बलों के साथ नियमित बैठक कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से हल करें।मुख्य सचिव ने बीकानेर जिले में सड़कों की समस्या के बारे में कहा कि सुरक्षा बलों के आवागमन सुविधा के लिहाज से अहम सड़कों के निर्माण व सुधार के लिए शीघ्र प्रस्ताव बनाकर भिजवाएं, ताकि इनका विभिन्न योजनाओं में निमार्ण कर समस्या का समाधान किया जा सके। उन्होंने इस इलाके में अवैध और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ समग्र दृष्टिकोण के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सड़कों की बेहतरी के लिए बीएडीपी बजट का उपयोग करने के भी निर्देश दिए।मुख्य सचिव ने बॉर्डर एरिया में लोगों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी और नियंत्रण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन को सुरक्षा बलों की ओर से कोई शिकायत आती है तो उसका तुरंत समाधान करना सुनिश्चित करे।इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक इंटेलिजेंस उमेश मिश्रा ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सार्वजनिक सम्पत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी कठोर धाराओं में कार्यवाही करने के निर्देश दिए।बैठक में गृह विभाग के प्रमुख सचिव अभय कुमार और सचिव एन.एल.मीना भी उपस्थित थे। इस दौरान जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर एवं श्रीगंगानगर जिलों के जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक भी वीडियाें कॉन्फ्रेंसिंग से शामिल हुए।


0 टिप्पणियाँ