धौलपुर से मुनेश धाकरे की खबर,


धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव टुंडे का पुरा में घर के सामने चारपाई पर सो रहे एक व्यक्ति के दोनों पैरों में एक युवक ने गोली मार दी। गोली लगने से व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए। लेकिन आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया। परिजनों ने घायल को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। पीड़ित ने नामजद आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाना पुलिस के समक्ष रिपोर्ट पेश कर दी है।घायल 50 वर्षीय मुंशी गुर्जर निवासी टुंडे का पुरा ने बताया कि वह घर के बाहर चारपाई पर लेटा हुआ था। लेकिन इसी दौरान पड़ोसी गांव मोरौली निवासी रामराज पुत्र अवतार सिंह बंदूक लेकर पहुंच गया। आरोपी ने घात लगाकर चारपाई पर आराम कर रहे मुंशी के दोनों पैरों में बंदूक से गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंच गए। लेकिन आरोपी फायरिंग करते हुए मौक़े से फरार हो गया। 



परिजनों ने नाजुक हालत में मुंशी गुर्जर को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। जहां चिकित्सकों द्वारा उपचार किया जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी में मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। जिसे लेकर मुंशी पर जानलेवा हमला किया है। प्रकरण की जांच कर रहे कोतवाली थाना एसएचओ राजेश पाठक ने बताया घायल के पुत्र सुरेंद्र गुर्जर ने नामजद आरोपी रामराज के खिलाफ बंदूक से पैरों में गोली मारने का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर नामजद आरोपी के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है। पुलिस द्वारा घायल का मेडिकल करा दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर रवाना कर दी गई है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।