अजमेर.कुख्यात गैंगस्टर पपला उर्फ विक्रम गुर्जर अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद है। बुधवार को पपला से मुलाकात करने के लिए उसके पिता व वकील जेल पहुंचे। जहां उसके पिता की उम्मीदों पर पानी फिर गया, वहीं वकील को केस संबंधी बातचीत करने के लिए मुलाकात करने की अनुमति दी गई। वकील ने जेल प्रबंधन पर संगीन आरोप जड़े हैं।
पपला गुर्जर के वकील गोविन्द सिंह रावत ने बताया कि जनवरी माह में कोल्हापुर से पकड़े जाने के बाद अब तक उनकी मुलाकात पपला गुर्जर से नहीं करवाई जा रही थी। आज पपला के पिता को लेकर हाई सिक्योरिटी जेल के प्रबंधन से मुलाकात के लिए प्रार्थना पत्र दिया। जिसके बाद जेल प्रबंधन ने सुरक्षा का हवाला देते हुए पिता को मिलने से साफ इनकार कर दिया तो वहीं उसे मिलने की परमिशन दी।
रावत की मानें तो उसने पपला ने उसे जेल में यातनाएं देने की बात कही है। पपला ने चिकित्सक परामर्श के अनुसार दवा नहीं दिलवाने व खाने के लिए पर्याप्त सामान नहीं देने का भी आरोप जड़ा है। रावत ने कहा कि जेल प्रबंधन से कई बार मिन्नतें करने के बावजूद भी कैंटीन में उसका खाता नहीं खोला जा रहा है जिससे भी पपला को खासी परेशानी हो रही है।
पपला करेगा जिया से शादी
वकील रावत ने कहा कि अलवर जिले की जेल में बंद पपला की गर्लफ्रेंड जिया से वह शादी करना चाहता है। उसने आज भी शादी की इच्छा जताई और कहा कि वह जाकर जिया से उसके दिल की बात कहे। अगर उसकी रजामंदी होती है तो वह जेल से आकर जिया से शादी कर लेगा। आपको बता दें कि कोल्हापूर में पपला जिम ट्रेनर गर्लफ्रेंड जिया के मकान में ही फरारी काट रहा था।
जुर्म से तौबा करने का लेगा वादा
पिता मनोहर लाल गुर्जर ने कहा कि वह उसके बेटे पपला से चार साल पहले जेल में मिला था। आज काफी उम्मीदें लेकर जेल आया था लेकिन जेल प्रबंधन ने उसे मिलने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि वह मिलकर पपला को जुर्म की दुनिया से तौबा करने का वादा लेने को ही आया था। वह उसे समझाता कि अब तक जो हुआ उसे भूल जाए और भविष्य में कोई ऐसा काम नहीं करें। उसे न्यायप्रणाली पर पूरा भरोसा है। मनोहर गुर्जर ने सरकार से पपला से मुलाकात की अनुमति व कैंटीन में खाता खुलवाने की गुहार भी लगाई।
अजमेर से नवीन वैष्णव की खबर


0 टिप्पणियाँ