अजमेर। पुष्कर थाना क्षेत्र में 6 साल की मासूम को हवस का शिकार बनाने वाले वहशी दरिंदे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ 24 घंटे में जांच पूरी करके न्यायालय में चालान भी पेश किया जाना था जो मंगलवार को नहीं हो सका, अब बुधवार को पेश किया जाएगा।
जिला पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र शर्मा ने बताया कि सोमवार को कन्ट्रोल रूम पर किसी व्यक्ति ने मासूम के साथ दुष्कर्म का प्रयास होने व भीड़ जमा होने की जानकारी दी थी। जिस पर थानाधिकारी राजेश मीणा खुद मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी ने मासूम के पिता की रिपोर्ट पर बलात्कार, पोक्सो सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
थानाधिकारी को उक्त मामले में तुरंत जांच कर 24 घंटे में चालान पेश करने के निर्देश दिए गए। डीएसपी व थानाधिकारी ने पीडि़ता के बयान, मेडिकल, एफएसएल में सैम्पल जमा करवाए। एसपी शर्मा ने कहा कि आरोपी बहला फुसला कर बच्ची को अपने साथ ले गया।
बच्ची भी आरोपी को पड़ोसी होने के कारण पहचानती थी और इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने बच्ची को अपनी हवश का शिकार बनाया। उन्होंने बताया कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने के लिए केस ऑफिसर स्कीम के तहत न्यायालय में गवाह व सबूत पेश किए जाएंगे।
अजमेर से नवीन वैष्णव की खबर।



0 टिप्पणियाँ