सीकर ब्यूरो रिपोर्ट।  

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा- भैरोंसिंह शेखावत जब अमेरिका इलाज कराने गए थे, तब उनकी सरकार को गिराने की कोशिश हुई थी। हालांकि कांग्रेस इसमें सफल नहीं हो पाई थी। राजे सोमवार को सीकर के खाचरियावास में पूर्व उप राष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की स्मृति सभा में शामिल हुई थीं। बता दें गहलोत कहते आए हैं कि भैरोंसिंह जब बीमार थे तो उनके ही लोगों ने सरकार गिराने के लिए उनसे संपर्क किया था। गहलोत तब कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष थे और उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया था।

सभा में राजे ने कहा कि मुझे राजनीति में लाने के लिए भैरोंसिंह शेखावत की भूमिका अहम रही है। उनके कारण इतने बड़े परिवार में घुलने-मिलने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि वे राजनीति की बड़ी से बड़ी परेशानी से निकले, लेकिन कभी विचलित नहीं हुए। उन्हें केवल एक बार आहत होते देखा था।

राजे ने कहा कि साल 1996 वे अमेरिका में हार्ट का इलाज करा रहे थे। उस दौरान पीछे से लोगों ने उनकी सरकार को गिराने की कोशिश की थी। एक तरफ उनका ऑपरेशन हो रहा था। दूसरी तरफ जयपुर में एक अलग तरह का ऑपरेशन हो रहा था। हालांकि कांग्रेस वाले कुछ कर नहीं सके। गलतफहमी पालने वाली कांग्रेस बिल्कुल भी सफल नहीं हो पाई थी।

वसुंधरा ने कहा कि भैरोंसिंह जी कहते थे कि राजनीति की चुनौतियों और परेशानी से घबराना नहीं चाहिए। उससे निकलकर ही निखार आता है और ये ही उन्होंने हमें सिखाया हैं। राजे ने कहा कि हम सब मिलकर उनके सपने को पूरा करेंगे। ये ही हमारा प्रयास रहेगा।

गडकरी बोले, भैरोंसिंह जी की योजनाओं की तारीफ विश्व बैंक ने भी की थी
सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि भैरोंसिंह शेखावत हमारे आदर्श नेता थे। उनकी योजनाओं की तारीफ विश्व बैंक ने भी की थी। अटल जी कहा करते थे, राज्य आते हैं, चले जाते हैं, नेता आते हैं, चले जाते हैं लेकिन देश वहीं रहता है, लोग वहीं रहते हैं। गरीब वहीं रहता है। उनके लिए काम करना ही भैरोंसिंह जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

राठौड़ बोले- कांग्रेस ने कर्जा माफी के नाम पर किसानों को ठगा
नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि बीजेपी आज भैरोंसिंह शेखावत की ऋणी हैं। अजातशत्रु के नाम से सभी उन्हें जानते हैं। काम के बदले अनाज उनकी ही योजना है। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने कर्जा माफी के नाम पर किसानों को ठगा है।

कांग्रेस की ए और बी टीम एक-दूसरे को मारने में लगी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित अन्य भाजपा नेता सभा के बाद खाटूश्यामजी मंदिर दर्शन करने गए। खाटूश्यामजी के लखदातार होटल में गडकरी ने भाजपा के विधायक और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली। बैठक के बाद राजेंद्र राठौड़ ने कहा- पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने अपनी ही पार्टी को ललकारा है। अब कांग्रेस की ए और बी टीम एक-दूसरे को मारने में लगी है। वे हमारा कंधा इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। जनता ये जानती है पायलट का प्लेन ऑटो मोड पर चल रहा है। कहां जाकर क्रैश होगा, पता नहीं।

राजपूत वोट बैंक साधने की तैयारी
भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में राजपूत समाज के वोट बैंक को साधने की तैयारी में है। 23 अक्टूबर को पूर्व उप राष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत की 100वीं जयंती है। इस दौरान खाचरियावास में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को राजपूत समाज की नाराजगी के चलते काफी नुकसान उठाना पड़ा था, जिसे अब भाजपा फिर से दोहराना नहीं चाहती। भाजपा वोटर्स को कनेक्ट करने के लिए 5 महीने तक अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।

भाजपा के दिग्गज नेता पहुंचे
बाबोसा के जन्म शताब्दी समारोह में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया, सांसद सुमेधानंद सरस्वती, पूर्व मंत्री अरुण चतुर्वेदी,सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, राजसमंद सांसद दीया कुमारी, सांसद रंजीता कोली, पूर्व मंत्री बंशीधर बाजिया, पूर्व विधायक झाबर सिंह खर्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर, भजनलाल, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हरिराम रणवा, प्रदेश मंत्री मधु कुमावत, पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी पहुंचे।

प्रतिमा को बनाने में 2 महीने लगे
पूर्व उपराष्ट्रपति भैंरोंसिंह शेखावत की प्रतिमा को पिलानी के मूर्तिकार से बनवाया गया है। 23 फीट की प्रतिमा को बनाने में करीब 2 महीने का समय लगा। भैरोसिंह शेखावत के दोहिते अभिमन्यु सिंह राजवी कई दिन से कार्यक्रम की तैयारियों में लगे हुए थे।