सीकर ब्यूरो रिपोर्ट।  

सीकर दौरे पर आए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को बीकानेर रवाना हो गए। सीकर के सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ने रात्रि विश्राम किया। सर्किट हाउस में आज मीडिया से रूबरू होते हुए सीएम अशोक गहलोत ने दूसरे दिन भी केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर जमकर निशाना साधा। गहलोत ने कहा, गजेंद्र सिंह जैसे भ्रष्ट नेता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बर्खास्त करें।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि महंगाई राहत कैंप को लेकर जनता इतनी ज्यादा खुश है कि कैंपों में भीड़ के चलते एक्स्ट्रा स्टाफ और एक्स्ट्रा टेबल लगाने पड़ रहे हैं। गहलोत ने कहा, इंदिरा गांधी ने अपनी अंतिम सांसे सोनिया गांधी की बाहों में ली। 32 साल से गांधी परिवार का कोई भी सदस्य पद पर नहीं है। राहुल गांधी भी न तो प्रधानमंत्री बने और न ही केंद्रीय मंत्री। केवल संगठन को देख रहे हैं। यदि संगठन गांधी परिवार की वजह से एकजुट है तो भाजपा के पेट में दर्द क्यों होता है।

प्रधानमंत्री बार-बार कांग्रेस को उखाड़ फेंकने की बात करते हैं। आज भी उन्हें डर केवल कांग्रेस से ही लगता है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इतनी सफल हुई कि उन्होंने षड्यंत्र कर लिया कि उन्हें कैसे निष्कासित करना है। वरना 4 साल पुराने केस में राहुल गांधी को कैसे सजा हुई। आज तक इस तरह के केस में राहुल गांधी को ही सबसे ज्यादा सजा मिली है। गहलोत ने कहा कि भाजपा ने इस केस में इंतजार में स्टे किया कि जब कभी मौका आएगा संसद से निकालने का। तब यह काम आएगा। इस बार षड्यंत्र के तहत ही राहुल गांधी को संसद से निष्कासित किया गया है। ऐसा आज तक लोकतंत्र में पहले कभी नहीं हुआ।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि गजेंद्र सिंह का पूरा परिवार अभियुक्त है। इसमें कोई राजनीति की बात नहीं कर रहा हूं। करीब 2.5 लाख लोग जिनमें सैनिक भी शामिल हैं, वे लालच के चक्कर में फंस गए। गजेंद्र सिंह को शर्म नहीं आती कि मैं ढाई लाख लोगों का पैसा दिलवाने में कोई कदम नहीं उठा रहा। उनके सब लोग जेल में बैठे हैं। गजेंद्र सिंह उन लोगों का पैसा दिलवाने का प्रयास तो करें।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि मुझसे तीन बार पीड़ित लोग मिलने आए जिनकी आंखों में आंसू थे। दो बहनों की शादी नहीं हो रही है। एक बुजुर्ग को 3 बायपास सर्जरी करवानी है। उसका बेटा भी सक्षम है लेकिन उस बुजुर्ग ने जिद पकड़ ली है कि जब मेरा पैसा मिलेगा तब ही करवाऊंगा। गहलोत ने कहा, मैंने उन पीड़ितों की वीडियोग्राफी करवाई है। यदि गजेंद्र सिंह उनसे मिलना नहीं चाहते हैं तो मैं उन्हें वीडियोग्राफी भी भिजवा सकता हूं। गहलोत ने कहा कि गजेंद्र सिंह ने ऑस्ट्रेलिया और इथोपिया देश में फार्म हाउस बनाए हुए हैं। प्रधानमंत्री को ऐसे भ्रष्ट आदमी को निष्कासित कर देना चाहिए।