कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।  

प्रदेशभर में आज से महंगाई राहत कैंपों का शुभारंभ हुआ है। बीजेपी नेता व पूर्व विधायक प्रह्लाद गुंजल ने कांग्रेस के महंगाई राहत कैंप को नौटंकी बताया है। गुंजल ने कहा साढ़े 4 साल से प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार, महंगाई , बिगड़ती कानून व्यवस्था, अराजकता से पीस रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री, उनके प्रतिद्वंदी नेता को कुर्सी की लड़ाई से फुर्सत नहीं। अब जब चुनाव छाती पर आ गए तो मुख्यमंत्री को महंगाई राहत याद आ रही है।

गुंजल ने कहा कि कांग्रेस राज में पेपर लीक , नौजवान युवाओं के भविष्य से खुलेआम खिलवाड़,अविश्वास की पराकाष्ठा पार हो गई। अब जब वोटों की चिंता सताने लगी, चुनाव को 6 महीने रह गए तो कैंपों में महंगाई राहत देने की बात कह रहे हैं। बाजारों में महंगाई से राहत होनी चाहिए, सरकार की नीतियों से लोगों को राहत मिलनी चाहिए। दूरगामी परिणाम उसके हमेशा हमेशा के लिए होने चाहिए। अब कैंप लगाएंगे,फार्म भरवाएंगे, आपसे कमिटमेंट लेंगे। 500 रूपए में सिलेंडर देंगे,100 यूनिट बिजली देंगे।आप हम को वोट दीजिए, यह क्या खेल है? सरकार बनाने के लिए नौटंकी करने जा रहे हैं। राजस्थान की जनता कांग्रेस की नौटंकी के चक्कर में आने वाली नहीं है।

उन्होंने कहा कि साढ़े 4 साल के शासन में प्रदेश की जनता ने जो तकलीफें,अराजकता झेली है। जो जख्म हुए है वो महंगाई राहत कैंप से भरने वाले नहीं है। राजस्थान की जनता कांग्रेस को बदलने का मन बना चुकी है।चाहे कितनी भी नौटंकी कर लीजिए।

गुंजल ने कहा कि कहीं किताब में ऐसा लिखा है कि चुनाव के 6 महीने रह जाएं तब सरकार जनता के लिए काम करें? सरकार का दायित्व बनता है कि चुनने के दूसरे दिन से ही जनता को राहत देने का काम करें। तब तो जनता याद नहीं आई। अब जब चुनाव छाती पर आ गए तो जनता याद आ रही है। अब दो महीने में जनता को कितना बड़ा बेवकूफ बनाने का प्रयास कर रहे है।