डूंगरपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

रात के अंधेरे में अचानक से एक पत्थर कार का शीशा तोड़ते हुए मुंह और जबड़े पर लगता है। यह हमला किसी और पर नहीं, बेणेश्वर धाम के महंत अच्युतानंद महाराज (45) पर हुआ है। हमले के बाद कार ड्राइव कर रहे महाराज लहूलुहान हो जाते हैं। उन्हें चक्कर आने लगता है। गाड़ी अनियंत्रित होने लगती है। सामने मौत दिखने लगती है। उनकी पत्नी भारती देवी (42) हैंडब्रेक लगाकर गाड़ी को रोकती है। घटना के समय कार में महाराज, उनकी पत्नी के अलावा बेटी सिद्धि (13) भी थी।

पूरे परिवार की जान बचाने वाली भारती देवी की जुबानी शनिवार की काली रात की पूरी कहानी

बेणेश्वर धाम के महंत अच्युतानंद महाराज ने पत्नी भारती देवी के साथ शनिवार को सरोदा में विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाला था।
बेणेश्वर धाम के महंत अच्युतानंद महाराज ने पत्नी भारती देवी के साथ शनिवार को सरोदा में विधानसभा चुनाव के लिए वोट डाला था।

साइड वाले कांच को तोड़ते हुए आया पत्थर
शनिवार को महाराज के साथ हम लोग परिवार के लोगों से मिलने सरोदा (डूंगरपुर) गए थे। दिनभर पिताजी और परिवार के लोगों के साथ रहे। रात को 11 बजे मैं, महंत अच्युतानंद, बेटी सिद्धि कार से साबला के लिए रवाना हुए थे। बेटा कान्हा (10) अपने दादाजी के साथ ही सरोदा रह गया था। मतदान होने से ड्राइवर घर चला गया था। इस वजह से कार महाराज खुद चला रहे थे। घर से 2-3 किलोमीटर आगे आते ही नेवल पुलिया के पास हम लोगों पर हमला हुआ था। एक पत्थर आया। पत्थर महाराज की साइड वाले कांच को तोड़ते हुए सीधे उनके मुंह पर लगा। मुंह ओर जबड़े पर गंभीर चोट आई। वह लहूलुहान हो गए। महाराज को चक्कर आने लगे। मैं महाराज के बगल वाली सीट पर बैठी थी। कार धीमी हुई तो मैंने हैंडब्रेक लगाकर गाड़ी को रोका। रात का अंधेरा होने से बदमाश कितने थे और कौन थे ये पता नहीं लग सका।

घायल महंत अच्युतानंद महाराज अहमदाबाद के जायडस हॉस्पिटल में भर्ती हैं और उनके जबड़े की सर्जरी होगी।
घायल महंत अच्युतानंद महाराज अहमदाबाद के जायडस हॉस्पिटल में भर्ती हैं और उनके जबड़े की सर्जरी होगी।

कार सवार से लिफ्ट मांगी
इसके बाद किसी के आने इंतजार करने लगे। तभी एक कार आती हुई दिखाई दी। उससे लिफ्ट मांगी। उस व्यक्ति ने कार रोककर घायल महंत को अपनी कार में बैठाया। वे सीधे साबला में हेल्थकर्मी विष्णु उपाध्याय के पास आए। महंत पर पथराव की खबर साबला में लोगों को लग गई। रात में ही लोग इकट्ठे हो गए। महाराज को तुरंत सागवाड़ा के जिला अस्पताल लेकर गए। डॉक्टर ने उनकी जांचें करवाईं। महाराज से मिलने के लिए कई भक्त और अनुयायी आने लगे। महाराज की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें अहमदाबाद के जायडस हॉस्पिटल लेकर आए। वे अभी बोल नहीं पा रहे हैं।

जबडे़ में मल्टी फ्रैक्चर, ऑपरेशन होगा
महाराज के साथ हॉस्पिटल में उनके भक्त अरुण भट्ट और केशवलाल कलाल भी मौजूद है। महाराज के जबड़े में मल्टीपल फ्रैक्चर है। इसकी वजह से वह बोल नहीं पा रहे हैं। इशारों में महाराज ने अपनी पीड़ा भक्तों को बताई। उनके जबड़े की सर्जरी होगी।

महाराज पर हमले की सूचना मिलते ही व्यापारियों और सर्व समाज के लोगों ने बैठक कर साबला कस्बा बंद कर दिया था और आरोपियों के पकड़े जाने तक बंद रखने की घोषणा की है।
महाराज पर हमले की सूचना मिलते ही व्यापारियों और सर्व समाज के लोगों ने बैठक कर साबला कस्बा बंद कर दिया था और आरोपियों के पकड़े जाने तक बंद रखने की घोषणा की है।

शराबियों के पथराव करने के एंगल से जांच में जुटी पुलिस
सागवाड़ा डीएसपी विक्रम सिंह ने बताया कि महाराज पर पथराव की घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। रात के अंधेरे में शराबियों की ओर से पथराव कर लूटपाट के एंगल से जांच हो रही है। महाराज की किसी से दुश्मनी जैसी कोई बात अभी तक सामने नहीं आई है। फिर भी हम सभी तरह से जांच के बाद घटना का जल्द खुलासा करेंगे। सरोदा थानाधिकारी सुनील चावला ने बताया की घटना के बाद जांच में रास्ते पर लूटपाट करने वाली गैंग और बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।

अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगा साबला
महंत पर पथराव की घटना के विरोध में आज भी साबला कस्बा बंद रहेगा। साबला व्यापार मंडल के अध्यक्ष जयंतीलाल पारीक ने बताया कि महंत पर हमले की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर साबला कस्बा अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगा।

बेणेश्वर धाम के महंत अच्युतानंद पर हमला, पथराव में घायल:पत्नी-बच्चे भी थे साथ; आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर साबला कस्बा बंद

बेणेश्वर धाम के महंत अच्युतानंद महाराज की कार पर शनिवार देर रात बदमाशों ने पथराव कर दिया। कार के साइड के शीशे को तोड़कर पत्थर उनके मुंह पर लगा। इससे उनके मुंह व जबड़े पर चोट आई और खून बहने लगा। कार में उनकी पत्नी और 2 बच्चे भी साथ थे। गंभीर घायल महंत अच्युतानंद को उनके अनुयायियों ने ​​​​​सागवाड़ा के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां से देर रात उन्हें अहमदाबाद के लिए रेफर कर दिया गया।