जयपुर चुनाव डेस्क। 

हमारे देश को अगर चुनावों का देश कहें तो कोई अतिश्योक्ति नहीं होगी। लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा, नगर निगम/पालिका/परिषद, जिला प्रमुख/प्रधान, पंचायत चुनावों पर ही लिस्ट ख़त्म नहीं होती। इससे फुर्सत पाते ही सहकारी बैंकों, डेयरी जैसी मलाईदार संस्थाओं के चुनाव। कर्मचारी संगठनों के चुनाव, यहां से भी फ्री तो जाति-समाज-बिरादरी के चुनाव। हर चुनाव के नियम कानून भी है। आम जनता द्वारा सीधे चुने जाने वाले चुनावों के नियम कुछ सख्त हैं। इसके लिए प्रत्याशियों को हलफनामा देना पड़ता है। मतदाता तो इस हलफनामे के बारे में मीडिया की खबरों से ही जान पाते हैं पर उतना ही जितना बताया जाए जबकि हलफ़नामा किसी भी प्रत्याशी का एक प्रकार से, MRI तो नहीं पर एक्स रे जैसा तो होता ही है।  राज्य के एक प्रमुख दैनिक अखबार ने इन्हीं हलफ़नामों से कुछ रोचक जानकारी सामने राखी है। राजकाज अपने पाठकों के लिए उस जानकारी को ज्यों के त्यों उद्धृत कर रहा है।            

विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के हलफनामे से कई रोचक और चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं। इस बार चुनाव मैदान में 8 ऐसे प्रत्याशी भी हैं, जिन्होंने दो- दो पत्नियां होने की जानकारी दी हैं। इनमें कांग्रेस और भाजपा दोनों के ही चार- चार प्रत्याशी शामिल हैं।

कुछ प्रत्याशियों ने शपथ पत्र में दोनों पत्नियों के नाम लिखे हैं तो किसी प्रत्याशी ने उन्हें ‘ए’ और ‘बी’ से संबोधित करते हुए उनके पेन नंबर लिखे हैं। प्रतापगढ़ ऐसी सीट है जहां आमने-सामने लड़ रहे बीजेपी-कांग्रेस के प्रत्याशियों की दो-दो पत्नियां हैं।

1. अमीनुद्दीन कागजी (अमीन कागजी) : किशनपोल, जयपुर

अमीन कागजी किशनपोल से मौजूदा विधायक हैं और दूसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
अमीन कागजी किशनपोल से मौजूदा विधायक हैं और दूसरी बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।

जयपुर के किशनपोल विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी अमीनुद्दीन कागजी ने भी अपने हलफनामे में दो पत्नियों की जानकारी दी है। 53 साल के अमीनुद्दीन हायर सेकेंडरी पास हैं। हलफनामे के अनुसार रेशमा और मोनिका शर्मा कागजी इनकी पत्नी हैं। रेशमा गृहणी हैं, जबकि मोनिका शर्मा व्यापार करती हैं। मोनिका हर साल इनकम टैक्स फाइल करती हैं। 2018 में रेशमा की आय के बारे में उन्होंने जानकारी दी थी, लेकिन इस बार कोई जानकारी नहीं दी है। अमीनुद्दीन कागजी के दो बेटे और दो बेटियां हैं।

पत्नियों के पास बराबर संपत्ति, पहली पत्नी का सोना दोनों में बंटा

कांग्रेस प्रत्याशी अमीनुद्दीन कागजी की दोनों पत्नियों के पास लगभग बराबर संपत्ति है। रेशमा और मोनिका के पास 15-15 हजार रुपए नकद हैं। इनके पास 21-21 तोला सोना है। जिसकी कीमत 12 लाख 53 हजार 700 है।

हलफनामे में अमीन कागजी ने दो पत्नियों का जिक्र किया है।
हलफनामे में अमीन कागजी ने दो पत्नियों का जिक्र किया है।

अमीनुद्दीन कागजी के 2018 में दिए गए हलफनामे में केवल पहली पत्नी रेशमा और 4 बच्चों की ही जानकारी दी गई थी। इसके साथ ही रेशमा की व्यापार से होने वाली कमाई की जानकारी भी दी गई है। उन्होंने रेशमा के पास करीब 12 लाख रुपए का 40 तोला सोने के जेवरात की जानकारी दी थी। इस बार दिए गए हलफनामे में दोनों पत्नियों रेशमा और मोनिका के पास 21-21 तोला सोना बताया गया है।

2. उदयलाल डांगी : वल्लभनगर सीट

उदयलाल डांगी पिछला चुनाव RLP के टिकट पर लड़े थे, इस बार बीजेपी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।
उदयलाल डांगी पिछला चुनाव RLP के टिकट पर लड़े थे, इस बार बीजेपी के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।

बीजेपी प्रत्याशी उदयलाल डांगी उदयपुर जिले की वल्लभनगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी हैं। इनकी बाबुड़ी और डाली दो पत्नियां हैं। बाबुड़ी गृहणी हैं, जबकि डाली की कृषि से आय की जानकारी दी गई है। वे इनकम टैक्स फाइल भी करती हैं। दोनों के पास 10- 10 तोला सोना और कृषि भूमि है। दोनों के पास मावली कस्बे के बजाज नगर में अलग-अलग मकान हैं। 2018 में दिए गए हलफनामे में भी दोनों पत्नियों की जानकारी दी थी।

3. बाबूलाल खराड़ी : झाड़ोल सीट

उदयपुर जिले की झाड़ोल विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी बाबूलाल खराड़ी ने भी दो पत्नियों की जानकारी दी है। उनके पांच बच्चे हैं। जिनमें दो बेटे और तीन बेटियां हैं। इन्होंने अपने शपथ पत्र में पत्नियों के नाम देने की जगह उन्हें ‘ए’ और ‘बी’ से संबोधित करते हुए उनके पेन नंबर और संपत्ति की जानकारी दी है।

बीजेपी प्रत्याशी बाबूलाल खराड़ी ने पत्नी के नाम लिखने की बजाय ए और बी से जिक्र किया है।
बीजेपी प्रत्याशी बाबूलाल खराड़ी ने पत्नी के नाम लिखने की बजाय ए और बी से जिक्र किया है।

इनकी पत्नियों के पास 60 हजार रुपए की 1.5 किलो चांदी, 2 लाख की कीमत का 40 ग्राम सोना है। 2018 में इन्होंने एक ही पत्नी तेजू देवी की जानकारी दी थी। जिनके पास 5 हजार नकद और 2 किलो चांदी के जेवरात और पत्नी के नाम कृषि भूमि के बारे में बताया था।

4. दयाराम परमार : खेरवाड़ा सीट

दयाराम परमार पीएचडी होल्डर हैं और 6 बार के विधायक रहे हैं।
दयाराम परमार पीएचडी होल्डर हैं और 6 बार के विधायक रहे हैं।

उदयपुर जिले की खेरवाड़ा विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी दयाराम परमार की भी दो पत्नियां कमला और अमृत देवी हैं। कमला प्रधानाचार्य के पद से रिटायर हैं। अमृत देवी के पास 10 ग्राम सोना और 1 किलो चांदी के जेवरात हैं, जबकि कमला परमार के पास 50 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी है।

दोनों पत्नियों के नाम कृषि भूमि है। खुद के वाहन के अलावा बोलेरो और इनोवा कार पत्नियों के नाम है। दोनों के नाम पर अलग-अलग मकान भी हैं।

5. हेमंत मीणा : प्रतापगढ़ सीट से बीजेपी के प्रत्याशी

पूर्व मंत्री नंदलाल मीणा के बेटे हैं। पहली बार लड़े पिछला चुनाव हार गए थे।
पूर्व मंत्री नंदलाल मीणा के बेटे हैं। पहली बार लड़े पिछला चुनाव हार गए थे।

पूर्व मंत्री नंदलाल मीणा के बेटे हेमंत मीणा को बीजेपी ने दूसरी बार प्रतापगढ़ से प्रत्याशी बनाया है। इन्होंने हलफनामे में सारिका मीणा और संगीता मीणा को पत्नी बताया है।

दोनों के पास 63 हजार नकद और बैंक अकाउंट में करीब ढाई लाख रुपए जमा हैं। इनके पास दो सोने की चेन, सोने की 4 अंगूठी और गले के 2 हार हैं।

6. रामलाल मीणा : प्रतापगढ़ सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी

नंदलाल मीणा दूसरी बार कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।
नंदलाल मीणा दूसरी बार कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में हैं।

दो शादियां करने वाले बीजेपी के हेमंत मीणा के सामने कांग्रेस ने जिस रामलाल मीणा को प्रत्याशी बनाया है, उनके भी 2 पत्नियां हैं। गेंदा देवी और इन्द्रा देवी। गेंदा देवी के पास के पास 1 लाख 25 हजार रुपए नकद और 30 तोला सोना है। वहीं इन्द्रा देवी के पास 35 तोला सोना और तीन किलो चांदी के जेवरात हैं। इंद्रा देवी फिलहाल प्रतापगढ़ की जिला प्रमुख भी हैं।

2018 में रामलाल मीणा ने अपने शपथ पत्र में दो पत्नियों का जिक्र नहीं किया था। हालांकि उन्होंने उस दौरान पत्नी का नाम दिए बिना उसके पास 6 लाख 91 हजार की संपत्ति व जेवरात की जानकारी दी थी।

7. नानालाल निनामा : घाटोल सीट

लगातार दो बार हारे नानालाल निनामा को कांग्रेस ने एक बार फिर घाटोल से प्रत्याशी बनाया है।
लगातार दो बार हारे नानालाल निनामा को कांग्रेस ने एक बार फिर घाटोल से प्रत्याशी बनाया है।

बांसवाड़ा जिले की घाटोल विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी नानालाल निनामा ने भी 2 शादियों की जानकारी हलफनामे में दी है। दोनों पत्नियों के नाम नाथी और काउडी है। इनके पास 56 हजार रुपए नकद हैं। नाथी के पास 7 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी के जेवरात हैं। वहीं काउडी के पास 3 तोला सोना और एक किलो चांदी है।

8. कैलाशचंद्र मीणा : गढ़ी सीट

बांसवाड़ा की गढ़ी विधानसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी कैलाशचंद्र की दोनों पत्नियों के नाम सन्तु और सविता हैं। दोनों के पास दस-दस तोला सोना और तीन-तीन किलो चांदी है। इन दोनों के पास कृषि भूमि और आवासीय भूखंड भी हैं।

बीजेपी प्रत्याशी कैलाशचंद्र मीणा ने पहली बार दो पत्नियों की जानकारी दी है।
बीजेपी प्रत्याशी कैलाशचंद्र मीणा ने पहली बार दो पत्नियों की जानकारी दी है।

बिना तलाक दिए शादी करने पर 7 साल की सजा

पहली पत्नी को तलाक दिए बिना दूसरी शादी करना भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 494 के तहत दंडनीय अपराध है। इसके लिए आरोपी पति को 7 साल तक की सजा और जुर्माना हो सकता है। राजस्थान हाईकोर्ट के एडवोकेट संदीप सिखवाल ने बताया कि ऐसे मामले में पत्नी ही शिकायत कर सकती है। अगर पहली पत्नी को कोई आपत्ति नहीं है या उसकी सहमति से दूसरी शादी की गई है तो पति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकती है।

दूसरा संतान के लिए पहली पत्नी की अनुमति से दूसरी शादी करते हैं तो उन पर कार्रवाई नहीं हो सकती। बिना तलाक दिए दूसरी शादी करने के ऐसे मामलों में पीड़ित पति या पत्नी ही शिकायत कर सकते हैं।