प्रतापगढ़ - चिराग सनाढ्य। 

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने सोमवार को एक बार फिर प्रतापगढ़ की अपनी सभाओं से साबित कर दिया कि राजस्थान भाजपा में कोई भी नेता जनता के साथ उनके जैसा सीधा संवाद स्थापित नहीं कर सकता। राजे का जिले की दो सभाओं में जिस तरह स्वागत हुआ और उसके बाद पूर्व CM के हाव-भाव और उनकी भंगिमा ने 5 साल पहले की वसुंधरा राजे की याद दिला दी। राजे अपने स्वागत-सत्कार और लोगों में अपने प्रति 'क्रेज' देखकर बहुत खुश थीं जो उनके चेहरे से झलक रहा था।     

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे आज प्रतापगढ़ जिले के दौरे पर रही। राजे दोपहर ढाई बजे जिले के पीपलखूंट पहुंची। जहां भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने राजे का स्वागत किया। जिसके बाद राजे ने घाटोल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मानशंकर निनामा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। पीपलखूंट में सभा के बाद राजे 3 बजकर 25 मिनिट पर हेलीकॉप्टर मूंगाणा के लिए निकली। दोपहर  तीन बजकर 40 मिनिट पर जिले के धरियावद उपखंड के मूंगाणा पहुंची। यहां भाजपा के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने आदिवासी वेशभूषा पहना व 51 किलो की माला के साथ स्वागत किया। इस दौरान वसुंधरा राजे को तलवार व हल भेट किया गया। जिसके बाद धरियावद विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी कन्हैयालाल मीणा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। राजे ने कांग्रेस की गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। राजे ने क्षेत्रीय भाषा में उद्बोधन शुरू किया। राजे ने सबसे पहले पूर्व विधायक दिवंगत गौतमलाल मीणा को याद करते हुए कहा कि आज पहली दफा में पूर्व दिवंगत विधायक गौतमलाल मीणा के पुत्र के चुनावी कार्यक्रम में पहुंची हूं। 

कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार ने हमारी योजनाओं के नाम बदलकर अपनी बताई है। हमने सबसे पहले भामाशाह कार्ड बनवाया, जिसमे महिलाओं को मुखिया बनाया। राजे ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ बोलने का ही काम किया है।   कहा कि कांग्रेस सरकार वादे पूरा नहीं करती है। वर्ष 2018 के चुनाव में कांग्रेस ने सरकार बनते ही 10 दिन में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया, जिसे नहीं निभाया। बेरोजगार युवाओं को भत्ता देने की भी बात कही थी, जिसका आज तक इंतजार है। कांग्रेस सरकार में बेरोजगार युवा खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। रोजगार नहीं दिया गया। कांग्रेस राज में 19 प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर आउट हुए, जो शिक्षित युवाओं से छल है। पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। मंत्री व विधायकों ने भ्रष्टाचार के सारे आंकड़े पीछे छोड़ दिए।