जैसलमेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जैसलमेर आज से तीन नए शहरों से सीधी हवाई सेवाओं से जुड़ जाएगा। इंडिगो आज से जयपुर, अहमदाबाद व मुंबई के लिए हवाई सेवाएं शुरू कर रहा है। इससे अब जैसलमेर 4 शहरों से इंडिगो की फ्लाइट सेवा से जुड़ेगा। रविवार को देश के तीन प्रमुख शहरों से जैसलमेर के लिए इंडिगो की फ्लाइट लैंड करेगी। इसके लिए एयरपोर्ट ऑथोरिटी ने सभी तैयारियों को पूरा कर लिया है।

हालांकि बाकी 2 विमानन कंपनियों स्पाइस जेट और अलाइंस एयर ने अभी तक किसी भी शहर के लिए अपना फ्लाइट शेड्यूल जारी नहीं किया है। ऐसे में इन कंपनियों की हवाई सेवाओं के लिए जैसलमेर को फिलहाल इंतजार करना होगा। लेकिन इंडिगो 12 अक्टूबर से दिल्ली-जैसलमेर हवाई सेवाओं से अपनी हवाई सेवा जैसलमेर को दे रहा है और आज तीन और नए शहरों से हवाई सेवा शुरू करने के बाद इंडिगो 4 शहरों को सीधी हवाई सेवा देने लग जाएगा जिससे सैलानियों और स्थानीय निवासियों को बहुत ज्यादा सुविधा मिलने जाएगी।

इंडिगो फ्लाइट का शेड्यूल और किराया।
इंडिगो फ्लाइट का शेड्यूल और किराया।

ये रहेगा शेड्यूल

जैसलमेर सिविल एयरपोर्ट के निदेशक प्रमोद मीणा ने बताया कि रविवार 29 अक्टूबर को सबसे पहले मुंबई से फ्लाइट सुबह 9.20 बजे रवाना होकर 11 बजे जैसलमेर पहुंचेंगी। इसके बाद यह फ्लाइट वापस 11.50 बजे रवाना होकर दोपहर 1.35 बजे वापस मुंबई पहुंचेगी। इसके बाद दूसरी फ्लाइट दोपहर जयपुर से दोपहर 1.10 बजे रवाना होकर 3.05 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। जिसके बाद यह फ्लाइट 3.55 बजे रवाना होकर शाम 5.30 बजे वापस जयपुर पहुंचगी। इसके बाद अहमदाबाद से दोपहर 3.05 बजे रवाना होकर फ्लाइट 5 बजे जैसलमेर पहुंचेगी। जो वापस 5.20 पर जैसलमेर से रवाना होकर शाम 7.10 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

सैलानियों से होगी कमाई

जैसलमेर से हवाई सेवाएं शुरू होने के बाद स्थानीय निवासियों को इस सुविधा से काफी राहत मिलने की उम्मीद थी। लेकिन ऑफ सीजन में हवाई कंपनियों द्वारा लोगों के साथ हर साल किए जा रहे छलावे के कारण फ्लाइट की सुविधा स्थानीय लोगों को नहीं पाती है। वहीं पर्यटन सीजन के समय हवाई कंपनियों द्वारा सैलानियों से पर्यटन सीजन के बूम के नाम पर मुनाफा कमाया जा रहा है। जिससे हवाई सेवा आम लोगों के लिए काम नहीं आ रही है।

ऑनलाइन बुकिंग शुरू होते ही बढ़ा किराया

इंडिगो द्वारा फिलहाल बेस प्राइज पर ही हवाई सेवाएं शुरू की गई है। लेकिन ऑनलाइन बुकिंग पहले से ही शुरू होने पर अब हवाई सेवाओं के रेट बढ़ गए है। फिलहाल मुंबई से जैसलमेर पहुंचने के लिए यात्री को 8500, अहमदाबाद से 5500 व जयपुर से 3800 रुपए देने होंगे।

स्पाइस जेट और अलाइंस एयर के लिए करना होगा इंतजार

29 अक्टूबर से अलाइंस एयर व स्पाइसजेट की भी हवाई सेवाएं शुरू होने वाली थी लेकिन इन दोनों हवाई कंपनियों को सेवाओं के लिए अभी और इंतजार करना होगा। दरअसल जैसलमेर में इस साल 2 अक्टूबर से ही हवाई सेवाओं का आगाज होना था। 2 अक्टूबर को अलाइंस एयर द्वारा दिल्ली से हवाई सेवाएं शुरू की जा रही थी। लेकिन ऐन वक्त पर अलाइंस एयर द्वारा अपने शेड्यूल को रद्द करते हुए 29 अक्टूबर से ही हवाई सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद अब 12 अक्टूबर से जैसलमेर में पहली बार इंडिगो अपनी हवाई सेवाएं शुरू करने जा रहा था। लेकिन इंडिगो ने भी सिर्फ दिल्ली के लिए ही हवाई सेवाएं शुरू की। इसके बाद 29 अक्टूबर से अलाइंस एयर, स्पाइसजेट व इंडिगो की जयपुर, अहमदाबाद व मुंबई के लिए हवाई सेवाएं शुरू होनी थी। ऐसे में अब इंडिगो तो अपनी हवाई सेवाएं शुरू कर रहा है लेकिन अलाइंस एयर व स्पाइसजेट द्वारा अपने शेड्यूल को खिसका दिया गया है। अब उम्मीद है कि दीपावली से पहले इन दोनों हवाई कंपनियों द्वारा फ्लाइट शुरू की जाएगी।