प्रतापगढ़ ब्यूरो रिपोर्ट। 

सरकारी योजनाओं का लालच देकर लोगों का बैंक खाता खुलवाकर उनमें आईपीएल सट्‌टे के दो हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का लेनदेन करवाने वाले गिरोह का सरगना मृगांग मिश्रा मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी कर रखा था। ऐसे में भारत आते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी मृंगांग गिरोह को दुबई से ऑपरेट करता था। इससे पहले मई 2023 में पुलिस ने गिरोह का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया था।

एसपी अमित कुमार ने बताया कि मध्यप्रदेश के रतलाम के रहने वाले मृगांग का भारत में लेनदेन का पूरा हिसाब रतलाम का ही रहने वाला अमन सोनी संभालता था। पुलिस ने मामले में फर्जी खातों के माध्यम से हुई लेनदेन का दो हजार करोड़ का हिसाब भी निकाल लिया था। पुलिस ने कुल 38 खातों को फ्रिज कर उसमे चार करोड़ की रुपए भी फ्रिज करवाए थे।

दुबई में बैठे आरोपी मृगांग के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया था। इसी लुकआउट नोटिस के आधार पर शनिवार की दुबई से मुबई पंहुचे मृगांग को एयरपोर्ट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जिसे रविवार देर शाम को मुबई से गिरफ्तार कर प्रतापगढ़ पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से कोर्ट ने आरोपी को 6 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंपा।

प्रतापगढ़ पुलिस ने बताया की आरोपी मृगांग दुबई से महादेव बेटिंग एप का संचालन कर लोगों को ऑनलाइन सट्टा खिलवाता था। एसपी अमित कुमार ने बताया कि मामले में पुलिस अभी और भी अहम् खुलासे कर सकती है।