चित्तौड़गढ़ ब्यूरो रिपोर्ट।  

श्री सांवलिया सेठ के भंडार से निकली राशि का तीसरे राउंड में गिनती पूरी की गई। गिनती में 93 लाख 73 हजार 337 रुपए की दानराशि मिली। अब तक भंडार से सात करोड़ 69 लाख 66 हजार 837 रुपयों की गिनती हो चुकी है। इसके अलावा ऑनलाइन और मनी ऑर्डर से करीब एक करोड़ से भी ज्यादा को राशि मिली है। भंडार और ऑनलाइन को मिलाकर इस महीने आठ करोड़ 77 लाख 47 हजार 837 रुपए प्राप्त हुए। सोने-चांदी का भी वजन कराया गया।

सात करोड़ से ज्यादा की राशि भंडार से निकली

मंडफिया स्थित कृष्णधाम श्री सांवलिया जी मंदिर में 13 अक्टूबर को कृष्ण चतुर्दशी पर भंडार खोला गया था। उसके बाद अमावस्या और रविवार होने के कारण गिनती नहीं की गई थी। 13 अक्टूबर को की गई गिनती में सवा पांच करोड़ रुपए की काउंटिंग हुई थी। इसके बाद 16 अक्टूबर को एक करोड़ 50 लाख 69 हजार 500 रुपयों की गिनती की गई थी। वहीं, तीसरे चरण में भंडार से निकली 93 लाख 73 हजार 337 रुपयों की गिनती हुई। तीन चरणों में काउंटिंग पूरी की गई है। भंडार से अब तक सात करोड़ 69 लाख 66 हजार 837 रुपयों की प्राप्ति हो चुकी है।

सोने-चांदी का हुआ तौल

भंडार से सांवरा सेठ को 80 ग्राम सोना, सात किलो 280 ग्राम चांदी मिल चुकी है। इसके अलावा कई भक्त ऑफिस में भी सोना चांदी जमा करवाते है। ऑफिस में भक्तों द्वारा चार किलो 437 ग्राम 870 मिलीग्राम सोना, 40 किलो 384 ग्राम चांदी जमा करवाया गया था, जिनका वजन किया गया। इसके अलावा भक्तों ने एक करोड़ 7 लाख 81 हजार रुपए ऑनलाइन और मनी ऑर्डर से रुपए जमा करवा चुके है। भंडार और ऑनलाइन को मिलाकर इस महीने आठ करोड़ 77 लाख 47 हजार 837 रुपए प्राप्त हुए।