जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की गुलाबपुरा सभा पर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने पलटवार किया हैं। सीपी जोशी ने आज प्रदेश बीजेपी कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि लाल डायरी में ऐसा क्या है। जिससे पूरी कांग्रेस में हड़बड़ी मची हुई है।

जिसके चलते आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लाल डायरी पर राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे से भी बयान दिलवाना पड़ा। क्या काला चिट्ठा है, कौनसी ऐसी काली कमाई का पैसा है। जो दिल्ली तक गया हैं। किस-किस के पास यह पैसा गया हैं।

जिसके कारण आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी इसे लेकर सफाई देनी पड़ी। उन्होंने कहा कि इसका हिसाब 2023 में जनता आपसे लेगी।

परिवर्तन यात्रा की ऐतिहासिक सफलता से डरी कांग्रेस
सीपी जोशी ने परिवर्तन यात्रा को लेकर दिए सीएम अशोक गहलोत के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा की ऐतिहासिक सफलता से कांग्रेस पूरी तरह से डर गई हैं।

चारों दिशाओं से निकली यह यात्रा इस निकम्मी व नकारा सरकार को उखाड़ फेंकेगी। यह यात्रा अब केवल बीजेपी की यात्रा नहीं रह गई हैं। यह यात्रा अब आमजन की यात्रा बन गई है। इसलिए कांग्रेस सरकार परिवर्तन यात्रा से डरी हुई हैं।

खड़गे ने कहा था तुम्हारी डायरी, तुम्हारे पास रखो
आज भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा में किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा- इतना काम करने के बावजूद BJP वाले हमें डराने की कोशिश करते हैं। कहते हैं कि मेरे पास 'लाल डायरी' है। 'पीली डायरी' है। 'काली डायरी' है। अरे भाई... तुम्हारी डायरी, तुम्हारे पास रख लो। अगर कुछ है, तो सामने लाओ। हम कोर्ट में लड़ेंगे।

गहलोत बोले- BJP की यात्राएं फ्लॉप
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भीलवाड़ा के किसान सम्मेलन में भाजपा की परिवर्तन यात्राओं पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये फेल हो रही हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार ने हमेशा आमजन के हित में काम किया है। उन्होंने कहा कि लाल डायरी में कुछ नहीं है। भाजपा केवल इसे दिखाकर डराने की कोशिश करती है। वह अपने पास रखे रहे डायरी।