अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा है कि राजस्थान में ना कोई गहलोत गुट है ना कोई पायलट गुट। यहां सिर्फ पार्टी का गुट है। सब पार्टी के निशान हाथ के साथ हैं। वहीं उन्होंने अजमेर में समानांतर कांग्रेस की बातों को अफवाह बताया। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कोई करता है तो सबको साथ लेकर चलेंगे। इस दौरान मीडिया से चर्चा में वे RTDC के चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ से जुड़े सवालों पर बचते नजर आए। पायलट भीलवाड़ा दौरे से पहले अजमेर सर्किट हाउस में कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ पूर्व चिकित्सा मंत्री और केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा भी मौजूद रहे।

पायलट-गहलोत गुट जैसी कोई बात नहीं
मीडिया से चर्चा करते हुए पायलट ने कहा- राजस्थान में कोई सचिन पायलट या अशोक गहलोत गुट नहीं है। यहां मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी गुट है। मैं तो यह मानता हूं कि सभी मेरे गुट के हैं। पार्टी के जितने भी लोग हैं उनमें किसी तरह की गुटबाजी नहीं है। सभी पार्टी के चिह्न 'हाथ' के साथ चुनाव लड़ेंगे।

ये हो सकता है कि कोई किसी को ज्यादा-कम पसंद करता हो। ये स्वाभाविक बात है। हम सभी सगंठन और विचारधारा से जुड़े लोग हैं। जिसे भी चुनाव लड़ना है उसे पार्टी चुनाव लड़ाएगी। उन्हें हाथ के निशान से चुनाव लड़ना होगा। ये बात सभी कांग्रेसी जानते हैं और इसे एक्सेप्ट कर चुके हैं।

सीएम फेस के सवाल पर पायलट ने कहा- पहला मुद्दा यह है कि इकट्ठा होकर चुनाव लड़ें और हम चारों राज्यों में चुनाव जीतें। यह हमारी प्रायोरिटी है। चुनाव जीतने के बाद ही पार्टी आलाकमान तय करेगा कि कौन किस पद पर होगा।

RTDC चेयरमैन के सवाल पर बोले- कोई कर रहा है तो वो ठीक नहीं कर रहा
पायलट ने अजमेर में गुटबाजी के सवाल पर कहा कि सभी का चुनाव चिह्न एक है। कांग्रेस बहुत बड़ा दरिया है, इसमें कोई भी शामिल हो सकता है। हालांकि वे अजमेर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय जैन और RTDC चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ के विवाद से बचते नजर आए। जब उनसे सवाल किया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अजमेर में समानांतर कांग्रेस चल रही है। संगठन की बैठक जिलाध्यक्ष नहीं बुलाते। उसका कॉल RTDC चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ की ओर से होता है। इस पर पायलट ने कहा कि मुझे नहीं लगता, ऐसा कोई कर रहा है। अगर कर भी रहा है तो वो ठीक नहीं कर रहा। हम सबको साथ लेकर चलेंगे।

छोटा-मोटा झगड़ा हर संगठन में चलता रहता है, लेकिन सब लोगों को समझना चाहिए कि यह बहुत महत्वपूर्ण जिला है। धरातल के जो वर्कर्स हैं उनकी भावनाओं को समझना चाहिए। सबको साथ लेकर काम करना चाहिए। अजमेर में थोड़ा मामला मिर्च-मसाले वाला रहता है, लेकिन ज्यादा चिंता वाली बात नहीं है। चुनाव आ रहे हैं, लेकिन सब एकजुट होकर चुनाव के लिए एक साथ काम कर रहे हैं।

जिताऊ उम्मीदवार को टिकट देगी कांग्रेस
सचिन पायलट ने कहा- जब चुनाव होता है तो एक व्यक्ति चुनाव नहीं लड़ता है, पूरी पार्टी चुनाव लड़ती है। भारतीय जनता पार्टी में जो चल रहा है, वह किसी से छुपा नहीं है। जिताऊ उम्मीदवार को हमारी पार्टी टिकट देने जा रही है, यह बात सभी कह चुके हैं। स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष सभी से मिल रहे हैं। देश में अगले साल लोकसभा के चुनाव हैं। अगर चारों राज्यों (राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना) में कांग्रेस जीतती है तो 2024 के अंदर भी कांग्रेस सरकार बनेगी। राजस्थान का चुनाव जरूरी है। पूरी ताकत के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता सब बातें भूल कर चुनाव में लगा हुआ है।

भाजपा की यात्रा में सिर्फ संघर्ष, जनता नदारद: पायलट
पायलट ने कहा- यह बड़ी विडम्बना है कि बीजेपी केंद्र की सत्ता में है और अपना काम नहीं कर पा रही है। 9 साल का यह आकलन लोगों का है, हर क्षेत्र में वे लोग विफल रहे हैं। प्रचार-प्रसार और लोगों को भ्रमित करने में नंबर एक पर हैं। राजस्थान में उल्टा है, भाजपा यहां विपक्ष में है और उस भूमिका को निभा नहीं पा रही है। अब उन्होंने यात्राएं शुरू की है। पहले उन्होंने जन संघर्ष यात्रा शुरू की। उसे संघर्ष यात्रा में संघर्ष तो था, लेकिन जनता नहीं थी। अब परिवर्तन यात्रा कर रहे हैं, लेकिन यहां पर सिर-फुटव्वल मचा हुआ है।

ज्योति मिर्धा पर बोले- परिणाम जनता बताएगी
ज्योति मिर्धा के बीजेपी जॉइन करने के सवाल पर पायलट ने कहा कि चुनाव का समय है, कुछ लोग जाएंगे और कुछ लोग आएंगे। यह चलता रहता है। हर व्यक्ति को छूट होती है वह किसी भी पार्टी में जाकर काम कर सकता है। लेकिन इसका निर्णय सही था या गलत था, इसका परिणाम जनता देगी। उसका हमें इंतजार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जो नौजवान उम्मीद करते थे कि सेना में जाकर अपने देश का शौर्य बढ़ाएंगे, लेकिन बीजेपी ने अग्निवीर लगा दिया। बीजेपी ने हर क्षेत्र में लोगों को एक तरह से ठगा है। भाजपा जो उम्मीद करती है राम मंदिर के नाम पर हिंदू-मुसलमान के नाम पर सत्ता में आ जाएंगे। अब लोग समझ गए हैं शुरुआत में लोग भ्रमित रहते थे।