जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

सीएम अशोक गहलोत ने मंगलवार को प्रदेश के लिए साल 2030 तक का विजन डॉक्यूमेंट जारी किया। गहलोत के इस विजन डॉक्यूमेंट को लेकर बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि सीएम अशोक गहलोत का यह विजन प्रदेश की जनता के लिए खौफनाक और दर्दनाक है।

सुधांशु त्रिवेदी जयपुर में बीजेपी मीडिया विभाग एवं सोशल मीडिया की कार्यशाला को संबोधित करने के लिए आए थे। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कुछ भी बोलने का प्रयास करें, लेकिन वह जिस विजन की बात कर रहे हैं, वह पूरी तरह से ब्लर है।

गहलोत के विधायक-मंत्रियों की गारंटी नहीं
सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री को विजन दिखाई नहीं पड़ रहा है तो अपनी आंखों से चश्मा हटाएं। यह विजन कितना खौफनाक और दर्दनाक है। राजस्थान के लिए उसकी कल्पना करना भी मुश्किल है। 5 साल के शासन में जिस तरह से जनता ने तुष्टिकरण को सहा है। उसका जवाब प्रदेश की जनता 2023 के चुनाव में देगी।

उन्होंने कहा कहा कि आजकल मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गारंटी देने की बात करते हैं, लेकिन गारंटी तो अब उनके खुद के विधायक और मंत्रियों की भी नहीं रही हैं। उन्हें भी वह अपने विरोधी खेमे में मानकर चल रहे हैं।

सीएम गहलोत के आंखों पर पट्टी बंधी है- राज्यवर्धन
जयपुर ग्रामीण से सांसद व बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा- जिस व्यक्ति की आंखों पर पट्टी बंधी हो उसका कैसा विजन हो सकता है। कांग्रेस ने 2018 में जो विजन रखा था, उससे राजस्थान की जनता भ्रमित हो गई थी। अब शासन को जनता ने 5 साल देख लिया। उनका विजन टोटली फेल हो गया है। अब आखिर में गिनती के दिनों में जनता को लुभाने के लिए योजनाओं की घोषणा कर रहे हैं।

सोशल मीडिया को मनोरंजन के लिए नहीं, नॉलेज के लिए इस्तेमाल करें
कार्यशाला को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता सोशल मीडिया को केवल मनोरंजन का साधन नहीं समझे। इसे नॉलेज बढ़ाने के रूप में भी इस्तेमाल करें।

उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रवक्ता और पैनलिस्ट फ्रंट लाइन वॉरियर की तरह काम करते हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक चीजों के प्रसार को एक उदाहरण के जरिए कार्यशाला में समझाया।

कार्यशाला को बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और उत्तर प्रदेश के विधायक श्रीकांत शर्मा ने भी संबोधित किया।