जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कांग्रेसी विधायकों के घरों पर थाली बज़ाकर प्रदर्शन करेगी। प्रदेशभर में कल महिला मोर्चा की कार्यकर्ता थाली व चम्मच लेकर कांग्रेसी विधायकों के घरों पर पहुंचेगी। वहीं थाली बज़ाकर महिला अत्याचार व कानून व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन करेगी।

प्रदर्शन को लेकर महिला मोर्चा की अध्यक्ष रक्षा भंडारी ने बताया कि कांग्रेस की गहलोत सरकार में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। सड़क से लेकर स्कूल, कॉलेज, कार्यस्थल पर महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जंगलराज के खिलाफ प्रदेश स्तर पर नहीं सहेगा राजस्थान अभियान चल रहा हैं।

जिसमें महिला मोर्चा को विधायकों के घरों पर थाली नाद प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी मिली हैं। वहीं इस प्रदर्शन के बाद हम शक्ति केन्द्र व मण्डल स्तर पर जनसम्पर्क करके आमजन को एक अगस्त को जयपुर में होने वाले प्रदर्शन में आने का आह्वान करेंगे।

युवा मोर्चा निकालेगा मोटरसाइकिल रैली
महिला मोर्चा के प्रदर्शन के अगले दिन 27 जुलाई को प्रदेश की 200 विधानसभाओं में युवा मोर्चा मोटरसाइकिल रैली निकालेगा। इस रैली में विधानसभा के बीजेपी कार्यकर्ता शामिल होंगे। मोटरसाइकिल रैली को लेकर युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची ने कहा कि हम मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को जागरूक करने का काम करेंगे।

उन्होने कहा कि यह सरकार युवाओं के सपनों पर कुठाराघात कर रही हैं। प्रदेश में हर दिन पेपरलीक हो रहे हैं। बेरोजगारी चरम पर हैं। ऐसे में प्रदेश का युवा आक्रोशित हैं। इसी को लेकर प्रदेश भाजपा नहीं सहेगा राजस्थान अभियान चला रही हैं। जिसमें प्रदेश के युवाओं, महिलाओं, किसानों सहित हर वर्ग के मुद्दे को पुरजो़र तरीके से बीजेपी उठा रही हैं।