जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

महिला अत्याचार को लेकर भाजपा महिला मोर्चा का 5 जुलाई को राजधानी जयपुर में बड़ा प्रदर्शन होगा। लेकिन इससे पहले आज महिला मोर्चा ने प्रदेश में महिला अत्याचार पर तैयार डॉक्युमेंट्री और पोस्टर लॉन्च किया।

बीजेपी महिला मोर्चा की ओर से तैयार डॉक्युमेंट्री की शुरुआत गहलोत सरकार के मंत्री शांति धारीवाल के उस बयान से की गई है जिसमें उन्होंने विधानसभा में कहा था कि हम रेप के मामले में नम्बर-1 हैं। इसमें कोई दो राय नहीं है। रेप के मामले में क्यूं है.....वैसे भी राजस्थान तो मर्दों का प्रदेश रहा है।

इसके बाद डॉक्युमेंट्री मे आगे थानागाजी गैंगरेप, आलापुरा, अलवर की घटना, खाजूवाला में दलित युवती से गैंगरेप, सहित कुल 9 घटनाओं को दिखाया गया है। वहीं हर घटना के जिक्र के बाद कहा गया है… और "प्रदेश में सरकार कांग्रेस की"। इसमें साथ में सीएम अशोक गहलोत व कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की तस्वीर दिखाई है।

डॉक्युमेंट्री के अंत में प्रियंका गांधी के नारे का जवाब

वहीं डॉक्युमेंट्री के अंत में प्रियंका गांधी और यूपी में दिए गए उनके नारे "लड़की हूं, लड़ सकती हूं" का जवाब दिया गया है। डॉक्युमेंट्री में प्रियंका गांधी से सवाल पूछा गया है कि आप हाथरस गई थी आंदोलन करने। क्या राजस्थान की बेटी, बेटी नहीं है या आपकी सरकार है तो राजस्थान की बेटियों का रेप करने की अनुमति है।

पांच साल बीत गए हैं, लेकिन आपने और आपके भाई राहुल गांधी ने इस मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से एक शब्द नहीं कहा। लेकिन अब देर हो चुकी हैं। प्रियंका गांधी अब राजस्थान की बेटी बताएगी, बेटी कैसे लड़ती है और अपनी इज्जत ऐसी सरकारों से कैसे बचाती है।

राजस्थान को रेपिस्थान कहा जा रहा है
डॉक्युमेंट्री व पोस्टर लॉचिंग के समय महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूजा मिश्रा, मोर्चा प्रभारी सांसद दीया कुमारी, मोर्चा अध्यक्ष अलका मूंदड़ा, मेयर सौम्या गुर्जर, जिला प्रमुख रमा चौपड़ा मौजूद रहीं। इस मौके पर सांसद दीया कुमारी ने कहा कि आज राजस्थान को रेपिस्थान कहा जा रहा है। यह हमारे लिए शर्म की बात है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत साढ़े चार साल अपनी कुर्सी बचाने में लगे रहे। जिसके कारण प्रदेश की कानून व्यवस्था चौपट हो गई। प्रदेश की महिलाओं को जो संबल सरकार से मिलना चाहिए था, वो इस सरकार में कभी नहीं मिला।

प्रदर्शन में थाली लेकर पहुंचेंगी महिलाएं
महिला मोर्चा के प्रदर्शन में महिलाएं घरों से थाली लेकर पहुंचेगी। सांसद दीया कुमारी ने कहा कि हमारा थाली नाद प्रदर्शन करेंगे। सुबह 11 बजे बीजेपी कार्यालय पर सभा होगी। जिसे मोर्चे की पदाधिकारी व प्रदेश नेतृत्व के नेता संबोधित करेंगे।

उसके बाद सभी महिलाएं थाली बजाते हुए सीएम हाउस की ओर कूच करेंगी। हम थाली बजाकर महिला अत्याचारों पर इस सरकार को जगाएंगे। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश महिला अत्याचार में नम्बर-1 पर है। महिलाएं पुलिस थाने, एम्बुलेंस, स्कूल, कॉलेज, सड़क कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।