जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान यूनिवर्सिटी में एडमिशन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही हंगामे का सिलसिला भी शुरू हो गया है। शनिवार को यूनिवर्सिटी कैंपस में डीएसडब्ल्यू (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) ऑफिस के बाहर छात्रों ने खूब उपद्रव किया। एनएसयूआई के राहुल मेहला की गाड़ियों में तोड़फोड़ की। इस दौरान 4 छात्रों को चोटें भी आई हैं। इसके बाद नाराज छात्रों ने कुलपति सचिवालय में धरना शुरू कर दिया है।

शनिवार दोपहर 12:30 एनएसयूआई के कार्यकर्ता छात्र संघ महासचिव अरविंद के कार्यालय के बाहर खड़े थे। वहां मौजूद दो छात्रा आपस में लड़ने लगीं। कुछ ही देर बाद छात्र नेता हेमंत पुजारी की गाड़ी में बैठकर कुछ छात्र मौके पर पहुंचे। इन छात्रों ने राहुल मेहला के समर्थकों के साथ मारपीट शुरू कर दी। गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इस पूरे घटनाक्रम में दो छात्राएं और एक छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद दोपहर लगभग 1:30 बजे एनएसयूआई के कार्यकर्ता कुलपति सचिवालय पहुंचे। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। फिलहाल बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता कुलपति सचिवालय में धरने पर बैठे हैं।

छात्र नेता राहुल महला ने बताया- आज हम स्पोट्‌र्स कॉम्पेक्स में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की बैठक में मौजूद थे। तभी सूचना मिली कि डीएसडब्ल्यू ऑफिस के बाहर खड़ी गाड़ियों के साथ छात्र संघ महासचिव अरविंद जाजड़ा के समर्थकों ने तोड़फोड़ की है। मौके पर हमारे पहुंचने से पहले ही अरविंद के समर्थक फरार हो गए थे।

छात्राओं ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप

मौके पर मौजूद छात्राओं ने बताया- उनके साथ अरविंद के समर्थकों ने छेड़छाड़ की। साथ ही यूनिवर्सिटी के दो छात्रों के साथ मारपीट भी की है। ऐसे में जब तक यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा दोषी छात्रों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। हम कुलपति सचिवालय में ही अपना धरना जारी रखेंगे।

छात्र नेता संजय चौधरी ने कहा- यूनिवर्सिटी महासचिव अरविंद का कार्यकाल पूरा हो गया है। बावजूद इसके वह अपना कार्यालय खाली नहीं कर रहे हैं। बल्कि उनके कार्यालय में असामाजिक तत्वों द्वारा नशा किया जाता है। आज भी यूनिवर्सिटी कैंपस में अरविंद के समर्थकों ने ही वाइन शॉप पर जाने के लिए राहुल की गाड़ी की चाबी मांगी थी। जब राहुल के साथियों ने उन्हें चाबी नहीं दी, तो अरविंद के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसमें एक छात्र का हाथ भी टूट गया है। वहीं यूनिवर्सिटी की दो आम छात्राओं के साथ भी अश्लील हरकतें की गई हैं। इसे एनएसयूआई कार्यकर्ता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।

अरविंद जाजड़ा बोले- बेवजह विवाद में घसीटा जा रहा

महासचिव अरविंद जाजड़ा ने कहा- एनएसयूआई कार्यकर्ताओं द्वारा बेवजह मुझे इस पूरे विवाद में घसीटा जा रहा है। मैं आज नागौर में हूं। हालांकि कुछ एनएसयूआई के कार्यकर्ता ही आपस में मेरे और निर्मल के कार्यालय के बाहर झगड़ने लग गए थे। जिसे वहां मौजूद मेरे कुछ समर्थकों ने रोकने की कोशिश की थी। अब इस पूरे विवाद को लेकर सिर्फ हाईलाइट होने के लिए मेरे नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है। जबकि इस पूरे विवाद से मैं कोसों दूर हूं।

राजस्थान यूनिवर्सिटी के डीएसडब्ल्यू नरेश मलिक ने बताया- यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा छात्रों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए छात्रसंघ पदाधिकारियों को अगले 48 घंटे में कार्यालय खाली करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। अगर इसके बाद भी किसी पदाधिकारी ने अपना कार्यालय खाली नहीं किया। यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जिन छात्रों के साथ आज मारपीट हुई है। उनमें भी दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। ऐसे में पुलिस द्वारा जांच के बाद ही इस मामले पर कोई फैसला किया जाएगा।

RU एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष भारत भूषण यादव ने कहा- यूनिवर्सिटी में एबीवीपी के किसी कार्यकर्ता ने मारपीट नहीं की है। यह एनएसयूआई के टुकड़े-टुकड़े गैंग के ही कार्यकर्ता है। जो आपस में लड़कर एबीवीपी को बदनाम करने की साजिश कर रहे हैं।