छात्रों के साथ मारपीट और कमरे जलाने की घटनाओं में जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के यूजी और पीजी वार्डन को वापस लगाने के विरोध में आज एनएसयूआई की ओर से यूनिवर्सिटी हेड ऑफिस के बाहर भूख हड़ताल की जा रही है। 5 सूत्री मांगों को लेकर एनएसयूआई जिला अध्यक्ष दिलीप चौधरी कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठे हैं। इस दौरान एनएसयूआई ने जेएनवीयू में होने वाली सिंडीकेट बैठक का भी विरोध किया। वहीं इस मामले को लेकर भी छात्रों का एक अन्य गुट भी हॉस्टल वार्डन को यथावत रखने को लेकर धरने पर बैठा है।
विरोध के दौरान छात्र कुलपति कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। कुलपति केएल श्रीवास्तव छात्रों से समझाइश के लिए बाहर आए तो उन्होंने अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया आक्रोशित जिला अध्यक्ष दिलीप चौधरी ने मांगे नहीं मानने पर आत्मदाह करने की भी चेतावनी दी।
दरअसल मंगलवार को यूनिवर्सिटी प्रशासन ने एक आदेश जारी कर वार्डन को नियुक्त कर दिया। इसके बाद से ही एनएसयूआई ने विरोध शुरू कर दिया है। आज छात्रों से बात करने के लिए पहुंचे कुलपति ने कहा कि किसी और योग्य व्यक्ति नहीं होने की वजह से नहीं लगाया गया तो एनएसयूआई जिला अध्यक्ष और अन्य छात्र आक्रोशित हो गए। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। इसके बाद दिलीप चौधरी ने मांगे नहीं मानने पर कुलपति को आत्मदाह की चेतावनी दी और यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर भूख हड़ताल पर बैठ गए। छात्रों के हंगामे को देखते हुए एसीपी नूर मोहम्मद सहित सीआई पाना चौधरी, सुनील चारण, सोमकरण सहित जाब्ता तैनात रहा।
गौरतलब है की हॉस्टल में छात्रों के साथ मारपीट के मामले में पिछले माह यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आदेश जारी कर न्यू केंपस यूजी हॉस्टल के वार्डन अनुराग चौधरी और पीजी हॉस्टल के राम प्रकाश सारण को हटा दिया था। बाद में उनकी जगह पर चीफ वार्डन एसआर जाखड़ को कार्यभार सौंपा गया। मंगलवार को यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आदेश जारी कर दोनों वार्डन को पुनः नियुक्त किया था।
बता दें की यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में कोचिंग में पढ़ने वाले छात्रों के साथ मारपीट और कमरों में आग लगाने की घटनाएं सामने आई थी। इसको लेकर पूर्व में एनएसयूआई ने कुलपति को ज्ञापन दिया था। ज्ञापन में आरोप लगाया कि इन हॉस्टल में वार्डन की सहमति से बाहरी छात्र आते हैं और हॉस्टल में पढ़ने वाले लड़कों के साथ मारपीट कर वापस चले जाते हैं। इसी को लेकर कुछ दिनों पूर्व एक छात्र नेता की हॉस्टल वार्डन के साथ फोन पर बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सामने आई थी।
इस रिकॉर्डिंग में पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष वार्डन को फोन पर छात्रों के खिलाफ मामला दर्ज करवाने को लेकर बता रहा था। रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद हॉस्टल में पढ़ने वाले छात्रों ने आरोप लगाया कि वार्डन की सहमति से यहां पर सारी घटनाएं हो रही है।


0 टिप्पणियाँ