सवाई माधोपुर - हेमेंद्र शर्मा
सवाई माधोपुर स्थित रणथम्भौर टाईगर रिजर्व से एक बार फिर से खुशखबरी आई गई है। इस बार रणथंभौर की बाघिन टी-124 रिद्धी ने तीन शावकों जन्म दिया है। जिसे लेकर वन्यजीव प्रेमियों में खुशी की लहर है। जानकारी के मुताबिक आज सुबह की पारी में जंगल सफारी पर गए पर्यटकों को रणथम्भौर के जोन तीन में बाघिन रिद्धी टी 124 तीन शावकों के साथ नजर आई है। पर्यटकों को बाघिन अपने शावकों को मुंह में दबाए शिफ्टिंग करती हुई नजर आई है।  पर्यटकों एंव गाइडों द्वारा रणथंभौर के वनाधिकारियों को बाघिन एंव शावकों के बारे में जानकारी दी गई , जिसके बाद वन विभाग के अधिकारी हरकत में आये और बाघिन व नन्हें शावकों की सुरक्षा को लेकर एहतियात के तौर पर बाघिन एंव शावकों की मॉनिटरिंग व ट्रेकिंग बढ़ा दी गई है। रणथम्भौर में यह दूसरा मौका है जब बाघिन रिद्धी टी 124 ने शावकों को जन्म दिया है। इससे पहले गत वर्ष नवम्बर में भी जोन तीन में बाघिन रिद्धी एक शावक के साथ पर्यटकों को नजर आई थी,लेकिन बाद में यह शावक लापता हो गया था। वन विभाग के सूत्रों की माने तो बाघिन ने करीब 30 मई के आसपास शावकों को जन्म दिया है। पिछले करीब 20 दिनों से बाघिन का मूवमेंट लगातार जोन तीन में राजबाग लैक और हंटिंग पैलेस के आसपास के क्षेत्र में बना हुआ है। ऐसे में शावकों की उम्र भी बीस दिन के करीब बताई जा रही है। बाघिन के तीन शावकों के साथ नजर आने से वन्यजीव प्रेमियों सहित वनाधिकारियों में खुशी की लहर है । गौरतलब है कि बाघिन के तीन शावकों के साथ नजर आने के साथ ही रणथंभौर में करीब 76 बाघ-बाघिन एंव शावक हो गए है जो रणथंभौर के लिए खुशी की बात है।