श्रीगंगानगर - राकेश शर्मा
श्री राजपूत करणी सेना श्रीगंगानगर (राज. ) के तत्वाधान में रविवार शाम को विशाल क्षत्रिय भगवा वाहन रैली का आयोजन किया गया जिसमें सैकड़ों गाड़िया व बाइक शामिल हुए। रैली महाराजा गंगा सिंह जी को पुष्पमाला अर्पित कर गंगा सिंह चौक से शुरू हुई। शहर के मुख्य मुख्य मार्गो से होते हुए सभा स्थल पर पहुंची। सभा में हजारों की संख्या में करणी सैनिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना, राष्ट्रीय कार्य समिति अध्यक्ष विश्व बंधु सिंह राठौड़, प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह सलाडिया उपस्थित थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना जी ने अपने संबोधन में 5 सूत्रीय मांगों पर चर्चा की जिसमें गंग-कनाल को प्रदूषण मुक्त करने के लिए, क्षत्रिय कल्याण बोर्ड की स्थापना, ईडब्ल्यूएस आरक्षण में बढ़ोतरी, लेबर कॉलोनी के मालिकाना अधिकार को लेकर, मांगे रखी गई। करणी सेना के जिला अध्यक्ष यशपाल सिंह चौहान ने बताया कि आगामी 20 जून, मंगलवार को उपरोक्त मांगों को लेकर करणी सेना के वरिष्ठ पदाधिकारी जिला कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन सौंपेंगे। सभा में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया जिसमें शिक्षा,खेलकूद व तकनीकी जगत में समाज का नाम रोशन करने वाले युवाओं को सम्मान प्रतीक भेंट किया गया। कार्यक्रम में भारी मात्रा में राजपूत समाज से लोग शामिल हुए।