जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

आरएलपी संयोजक व सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि सचिन पायलट मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं। इसमें कोई शक नहीं है। उन्होंने कांग्रेस में रहकर भ्रष्टाचार और गहलोत-वसुंधरा के गठबंधन पर सवाल खड़े किए। पायलट गलत पार्टी में हैं, उन्हें पार्टी से बाहर आ जाना चाहिए। कांग्रेस पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। अब पायलट भी उसको नहीं सुधार सकते है। कांग्रेस पायलट को कुछ भी बना दे। जनता इस बार कांग्रेस को वोट नहीं करेगी। वहीं हनुमान बेनीवाल ने गहलोत के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर परिवहन घोटाले की जांच सीबीआई से हो जाती तो प्रताप सिंह खाचरिवायास जेल में होते।

बेनीवाल ने कहा- पहले खाचरियावास पायलट के साथ थे। लेकिन अचानक उनका हृदय परिवर्तन कैसे हो गया। वो इसलिए हुआ कि परिवहन घोटाले की जो फाइल थी। उसे मंगवा लिया गया और उन्हें पढ़ा दिया गया। मैं आरोप लगाकर बदलने वालों में से नहीं हूं। मैं इतना कह सकता हूं कि अगर परिवहन घोटाले की जांच सीबीआई से हो जाती तो प्रताप सिंह खाचरियावास आज जेल में होते। बेनीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के आसपास भ्रष्टाचारियों का अड्डा है। उनका ओएसडी देवाराम सैनी भी यहीं काम कर रहा है।

बेनीवाल ने कहा कि पायलट अलग पार्टी बनाते है तो हम पायलट के साथ गठबंधन करने को तैयार है। पायलट का गुर्जर समाज के साथ-साथ युवाओं में भी क्रेज है। एक और एक ग्यारह होते है। पायलट नहीं भी आते है तो आरएलपी राजस्थान में तीसरी ताकत के रुप में लड़ाई लड़ती रहेगी। हमने 2018 में भी पायलट को सपोर्ट किया था। वहीं जब सरकार गिर रही थी तो उस समय भी हमारे 3 विधायक पायलट को मुख्यमंत्री बनाने के लिए भाजपा के साथ खड़े थे।

वसुंधरा भ्रष्टाचार की देवी, पीएम ने उन्हें बगल में बैठाया
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि वसुंधरा भ्रष्टाचार की देवी है औऱ पीएम मोदी उन्हें बगल में बैठाकर कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आऱोप लगा रहे है। पहले उन्हें वसुंधरा राजे को वहां से हटाना चाहिए था। बेनीवाल ने कहा कि पीएम कर्नाटक औऱ हिमाचल भी रैलियां करने गए थे। लेकिन उनके चेहरे पर जनता वोट नहीं दिए। यहां भी मोदी का जादू नहीं चलने वाला है। इस बार राजस्थान का युवा बदलाव चाहता है, वो भाजपा और कांग्रेस को इस बार घर बैठाएगा। भाजपा वाले किसी मुगालते में नहीं रहे।

जून में सरकार के खिलाफ 8 जगह होंगे कार्यक्रम
जून माह में आरएलपी सरकार के खिलाफ 8 जगह प्रदर्शन करेगी। आरएलपी संयोजक व सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि प्रदेश में बजरी माफिया जनता को लूट रहे है। माफिया ने कांग्रेस व भाजपा के नेताओं को अपनी जेब में डाल रखा है। आरएलपी बजरी माफिया के खिलाफ टोंक, भीलवाड़ा, रियां और धौरीमन्ना में प्रदर्शन करेगी। वहीं किसानों और युवाओं के मुद्दो को लेकर नोहर, घड़साना, कोलायत व डूंगरगढ़ में बड़ी रैलियां करेगी।