दूदू ब्यूरो रिपोर्ट। 

प्रदेश की राजनीति चुनावी वर्ष के दहलीज पर है, इसी के बीच दूदू में अब एक नया राजनीतिक बवाल सर उठा सकता है। यह बवाल दूदू को नए जिले बनाने के बाद सीमांकन को लेकर हो सकता है। नोटिफिकेशन का समय नजदीक आता देखकर इन दिनों सीएम सलाहकार व विधायक बाबूलाल नागर और बगरू विधायक गंगा देवी के बीच अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र की वर्चस्व के लिए शब्द-वार छिड़ा हुआ है। इसी बीच लंबे समय से सांभरलेक की जनता दूदू जिले में शामिल नहीं होने को लेकर लामबंद हैं। सांभरलेक व फुलेरा के लोगों द्वारा 18 जून को दूदू जिले में शामिल नहीं होने की मांग को लेकर मौखमपुरा में नेशनल हाईवे को जाम करने की चेतावनी के बाद दूदू विधानसभा की जनता में भी एकजुटता होने लगी है। सियासी पारा चढ़ने लगा है।

गुरुवार को दूदू फागी और मौजमाबाद के सैकड़ों लोगों के साथ दूदू विधायक बाबूलाल नागर ने दूदू कांग्रेस कार्यालय में मीटिंग की और सांभरलेक व फुलेरा के लोगों द्वारा नेशनल हाईवे को जाम करने को लेकर ललकारते हुए कहा कि अगर मेरी विधानसभा क्षेत्र में किसी भी जगह नेशनल हाईवे को जाम करने की हिम्मत दिखाई तो हम जाम करने वालों को मां का दूध याद दिला देंगे।
नागर के खिलाफ सांभरलेक की महिलाओं ने थाने में दिया परिवाद
विधायक नागर द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांभरलेक की जनता को धमकी भरी नसीहत देने से आक्रोशित महिलाओं ने सांभरलेक थाने में नागर के खिलाफ परिवाद देकर आरोप लगाया कि नागर ने सांभरलेक की जनता को धमकी दी है।‌ मां का दूध पिया होने का शब्द बोलकर महिलाओं के लिए अमर्यादित भाषा का उपयोग किया है। मौखमपुरा में हाईवे को जाम करने नहीं करने और आंदोलन को कुचलने की खुलेआम धमकी दी है। इसी को लेकर पुलिस को परिवाद दिया है।
चाहे कुछ भी करना पड़े, मेरे क्षेत्र में घुसने नहीं देंगे
मीटिंग के दौरान दूदू जिले के पुलिस ओएसडी राजेन्द्र कुमार, एडीएम भूपेंद्र यादव, एडीशनल एसपी दिनेश शर्मा को आगाह करते हुए नागर ने चेताया कि अगर पुलिस व प्रशासन हाईवे जाम की घटना को रोकने में फेल होंगे तो मैं साठ हजार लोगों को मैसेज कर दूंगा। आगे चेताया चाहे कुछ भी करना पड़े लेकिन मेरे क्षेत्र में नहीं घुसने दूंगा। उन्हें उनकी बात रखनी है, तो लोकतांत्रिक तरीके से बात रखिए लेकिन हाईवे जाम करने का कदम नहीं उठाए।
चारों ओर हो रही खिलाफत
दूदू को जिला बनाने के बाद से ही दूदू विधानसभा के चारों ओर विरोध का बिगुल बजा हुआ है। सांभरलेक, फुलेरा, बगरू और माधोराजपुरा में दूदू में शामिल नहीं होने को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन किया जाता रहा है, लेकिन अब नोटीफिकेशन जारी होने की तिथि नजदीक आने की वजह से विरोध में भी तेजी हो गई। दूदू जिले में शामिल नहीं होने के विरोध में कांग्रेस के ही चाकसू विधायक वेद प्रकाश सोलंकी और बगरू विधायक गंगा देवी एक होकर विरोध कर रहे हैं।
प्रशासन के लिए नागर की चेतावनी और आंदोलनकारी को रोकना बनी चुनौती पुलिस प्रशासन के लिए विधायक बाबूलाल नागर की चेतावनी और सांभरलेक व फुलेरा की जनता को रोक पाना गलफांस बना हुआ है। क्यों कि अगर जनता हाईवे को जाम करती है तो दूदू जिले के अस्तित्व पर खतरा मंडरा सकता है। क्यों कि चुनावी साल में सरकार सियासी बवाल को शांत करने के लिए बीच का रास्ता निकाला जा सकता है।
बाबूलाल नागर अपनी सीमा में रहें, हम मौखमपुरा आकर हाईवे जाम करेंगे। नागर ने दूदू का पट्टा थोड़ी देर लिया जो हमें दूदू की सीमा में नहीं आने देगा। जब हमें दूदू की सीमा में ही नहीं आने देता तो फिर दूदू जिले में शामिल क्यों कराना चाह रहा है।
दीनदयाल कुमावत, पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा
जो कानून को तोड़ेगा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी, हाईवे जाम नहीं कर के शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहिए। सोशल मीडिया की अफवाहों से जनता को भ्रमित नहीं होना चाहिए।
राजेंद्र कुमार, पुलिस ओएसडी दूदू
नेशनल हाईवे को जाम करने की जो लोग कोशिश करेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और गैर जमानती धारा में केस दर्ज किया जाएगा।
भूपेंद्र यादव, एडीएम