बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट।  

शिक्षा विभाग से जुड़े सरकारी व प्राइवेट स्कूल्स की पांचवीं कक्षा का बोर्ड परीक्षा परिणाम शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला ने जारी कर दिया है। रिजल्ट 95 परसेंट रहा। 14 लाख स्टूडेंट्स के इस रिजल्ट में किसी को भी फेल घोषित नहीं किया गया है। पांच परसेंट स्टूडेंट 33 प्रतिशत से कम मार्क्स लाए हैं, जिन्हें ई ग्रेड दी गई है। इनको सप्लीमेंट्री परीक्षा देनी होगी। जिसमें फेल होने पर भी उसे अगली क्लास में प्रमोट कर दिया जाएगा।

शिक्षा मंत्री डॉ. कल्ला यहां डेढ़ बजे अटल सेवा केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने रिजल्ट घोषित कर दिया। इस दौरान शिक्षा विभाग की अधिकृत वेब साइट के लिंक https://rajshaladarpan.nic.in/Class5th_8thExam/Home/HomePage.aspx पर देखा जा सकता है।

ये रहा रिजल्ट

प्राथमिक शिक्षा अधिगम स्तर मूल्यांकन (कक्षा 5) का परीक्षा परिणाम शिक्षा मंत्री डॉ. बुलाकी दास कल्ला ने घोषित करते हुए बताया कि इस परीक्षा कुल 14 लाख 68 हजार 130 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए जिसमें 7 लाख 67 हजार 357 छात्र एवं 7 लाख 772 छात्राएं पंजीकृत थी। परीक्षा में सर्वाधिक संख्या में परीक्षार्थी 1 लाख 28 हजार 687 जयपुर से शामिल हुए जबकि न्यूनतम संख्या में परीक्षार्थी 19 हजार 131 जैसलमेर से शामिल हुए।

कुल सम्मिलित परीक्षार्थियों में से 14 लाख 28 हजार 553 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित हुए हैं। इसमें से 7 लाख 45 हजार 316 छात्र तथा 6 लाख 83 हजार 237 छात्राएं उत्तीर्ण घोषित की गई। परीक्षा में 2 लाख 71 हजार 679 परीक्षार्थियों ने A ग्रेड, 7 लाख 77 हजार 769 परीक्षार्थियों ने B ग्रेड, 3 लाख 68 हजार 817 परीक्षार्थियों ने C ग्रेड, 10 हजार 288 परीक्षार्थियों ने D ग्रेड प्राप्त किया गया है। 37 हजार 92 स्टूडेंट के सप्लीमेंट्री आई है। कुल 2 हजार 485 परीक्षार्थियों का विविध कारणों से परिणाम रोका गया है जिसे बाद में जारी किया जाएगा। परीक्षा में फेल का प्रावधान नहीं है अतः पूरक घोषित परीक्षार्थियों को पूरक परीक्षा के पश्चात आगामी कक्षा में कक्षोन्नत करने का प्रावधान है।

कुल परीक्षा परिणाम 97.30 प्रतिशत रहा तथा वर्ष 2022 की 5 वीं परीक्षा का परिणाम 95.37 रहा था। परीक्षा परिणाम जारी करने के बाद मंत्री ने समस्त विद्यार्थियों को बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात माननीय ने मीडिया कर्मियों से रूबरू होते हुए परिणाम के साथ-साथ शिक्षा विभाग की अन्य गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। परीक्षा परिणाम शाला दर्पण पोर्टल के 5वीं 8वीं पेज के रिजल्ट टैब में उपलब्ध रहेगा।

ग्रेडिंग सिस्टम रहेगा

रिजल्ट ग्रेडिंग सिस्टम से घोषित हुआ है। जो स्टूडेंट्स 86 पर्सेंट से 100 पर्सेंट तक लेकर आएंगे उन्हें ए ग्रेड दिया गया है। वहीं 71 से 85 प्रतिशत तक बी ग्रेड, 51 से 70 पर्सेंट पर सी ग्रेड और 33 से 69 प्रतिशत लाने पर डी ग्रेड और इससे कम अंक लाने पर ई ग्रेड दिया गया है। ई ग्रेड लाने वाले स्टूडेंट्स तुरंत प्रमोट नहीं होंगे, बल्कि उन्हें सप्लीमेंट्री एग्जाम देना होगा। सप्लीमेंट्री में भी पेपर क्लियर नहीं होने के बावजूद उन्हें क्लास 6 के लिए प्रमोट कर दिया जाएगा।