हथियारों से लैस बदमाश सरपंच के घर में घुसे और 8 लाख कैश और सोने-चांदी के गहने लूट लिए। इस दौरान सरपंच का बेटा जाग गया। उसने एक बदमाश को दबोच लिया, तभी दूसरे बदमाश ने उस पर गोली चला दी। गोली सरपंच के बेटे के कंधे पर लगी। गोली की आवाज सुनकर गांव में आसपास के लोग जमा हो गए। भागते-भागते बदमाशों ने 4 राउंड फायरिंग की। ग्रामीणों ने पीछा किया और 2 बदमाशों को पकड़ लिया। मामला चूरू जिले के राजगढ़ का है।
सरपंच के बेटे के कंधे पर लगी गोली
इंदासर गांव के सरपंच सुनील गोस्वामी ने बताया- शुक्रवार की रात वह और उसकी पत्नी घर के आंगन में सो रहे थे। 2 बेटे, बहुएं और 3 पोते-पोती कमरे में सो रहे थे। रात करीब 2 बजे हथियारों से लैस 6-7 बदमाश उनके घर में घुस आए। आवाज सुनकर सरपंच की पत्नी जाग गई। उसने शोर मचाया तो पुनीत जाग गया। उसने घर में घुसे एक बदमाश को पकड़ लिया। इस दौरान दूसरे लुटेरे ने गोली चला दी। गोली पुनीत के कंधे पर लगी। इस दौरान अन्य बदमाशों ने घर से 8 लाख रुपए कैश और सोने-चांदी के गहने लूटकर भागने लगे। शोर सुनकर गांव के लोग जाग गए। इस दौरान बदमाशों ने 4 राउंड फायरिंग और की। ग्रामीणों ने पीछा कर 2 बदमाशों को पकड़ लिया।
हरियाणा के हॉस्पिटल में कराया भर्ती
पुनीत को इलाज के लिए हिसार (हरियाणा) में प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। ऑपरेशन कर कंधे से गोली निकाल ली गई है। घायल की हालत सामान्य है। घर वालों ने बताया कि पुनीत झींगा मछली पालन का बिजनेस करता है। शुक्रवार दिन में वह 4 लाख रुपए कैश लाया था। घर में 4 लाख कैश पहले से मौजूद था।
बदमाशों को किया पुलिस के हवाले
फायरिंग की सूचना मिलने पर SP राजेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका मुआयना किया। ग्रामीणों ने SP को खरी-खोटी सुनाई और कहा- मात्र एक किलोमीटर दूर गोठया चौकी है। पुलिस डेढ़ घंटे बाद मौके पर आई। ग्रामीणों ने 2 बदमाशों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपियों को हमने पकड़ कर सौंपा है। आपकी पुलिस ने क्या किया? चौकी 1 कॉन्स्टेबल के भरोसे चल रही है। ग्रामीणों ने पुलिस चौकी में पुलिसकर्मी बढ़ाने की मांग की।
मुठभेड़ के बाद एक और बदमाश पकड़ा गया
घटनास्थल से करीब 10 किलोमीटर दूर शनिवार शाम करीब 5 बजे मांगला जोहड़ी में पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसे सादुलपुर के राजकीय अस्पताल लाया गया है। घटना की सूचना के बाद मौके पर एसपी राजेश और डीएसपी असलम खान भी पहुंच गए थे।
पुलिस ने 6 लोगों को डिटेन किया
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि देर रात हुई घटना के दौरान ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाई और 2 बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश कर रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के समय पर नहीं पहुंचने के आरोप पर एसपी ने कहा कि ऐसा नहीं है। पूरी टीम रात से ही लगी हुई है।


0 टिप्पणियाँ