जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

कैंसर पीड़ित 5 साल के दिव्यांशु ने सीएम अशोक गहलोत को लैटर लिखकर अपने जन्मदिन पर उनसे मिलने की इच्छा जाह़िर की थी। दिव्यांशु की विश पूरी करने के लिए आज सीएम अशोक गहलोत जेकेलोन अस्पताल पहुंचे। सीएम दिव्यांशु के लिए चॉकलेट भी लेकर गए। लेकिन दिव्यांशु की सर्जरी के चलते वह बेहोश था। ऐसे में सीएम गहलोत ने परिजनों व डॉक्टर्स से दिव्यांशु के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि दिव्यांशु का सम्पूर्ण इलाज सरकार जिम्मेदारी से कराएगी।

दिव्यांशु से मुलाकात के बाद सीएम गहलोत ने टवीट करके लिखा "भावुक क्षण", सीकर के दौरे पर मुझे दिव्यांशु का एक भावुक पत्र मिला। इस पत्र में कैंसर पीड़ित बालक दिव्यांशु ने अपनी भावनाएं लिखीं और मेरे साथ जन्मदिन मनाने की इच्छा जाहिर की। बेटे दिव्यांशु की जन्मदिन हमारे साथ मनाने की सद्भावना व निश्छल स्नेह के अनुपम उपहार के आगे किसी अन्य उपहार की तुलना नहीं की जा सकती। आज जेकेलोन हॉस्पिटल जाकर दिव्यांशु से उनके जन्मदिन पर मुलाकात की। दिव्यांशु का सम्पूर्ण इलाज सरकार जिम्मेदारी से कराएगी। जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। आप सब भी दिव्यांशु के लिए दुआ कीजिए।

पिता ने दिया था लैटर
दरअसल 9 जून को सीकर जिले के खंडेला तहसील में सीएम अशोक गहलोत दौरे पर थे। इस दौरान दिव्यांशु के पिता राजेन्द्र कुड़ी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपने 5 वर्षीय कैंसर पीड़ित पुत्र दिव्यांशु की ओर से पत्र दिया। इस पत्र में बालक दिव्यांशु ने 18 जून को अपने जन्मदिन पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से मिलने की इच्छा जताई थी। इस पर आज सीएम अशोक गहलोत दिव्यांशु से मिलने अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों को दिव्यांशु की उचित देखभाल करने के दिशा-निर्देश दिए तथा उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर का भी निरीक्षण किया और थेलेसीमिया पीड़ित बच्चों से मिले। गहलोत ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।