जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 24 जून को जोधपुर आएंगे। जोधपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक बड़ी सभा होगी। फिलहाल इसके लिए स्थान तय नहीं किया गया है। लेकिन इसकी तैयारियों के लिए जोधपुर प्रभारी और विधायक वासुदेव देवनानी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं की एक बैठक शनिवार को सर्किट हाउस में हुई।
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी हर मंडल, जिला और लोकसभा स्तर पर कार्यक्रम करने जा रही है। इसी कड़ी में अलग-अलग कार्यक्रम होंगे और जोधपुर लोकसभा स्तर की बड़ी सभा को संबोधित करने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 24 जून को जोधपुर आएंगे। सर्किट हाउस में भाजपा के बड़े नेताओं ने बैठक करते हुए इस कार्यक्रम की स्थान और रूपरेखा तय की।
बालेसर या देचू में होगी सभा
रक्षा मंत्री की यह सभा ग्रामीण क्षेत्र के बालेसर या देचू में से एक स्थान पर होगी। भाजपा के नेता इन स्थानों का निरीक्षण करेंगे और इसके बाद जिम्मेदारी तय होगी। इसके लिए जोधपुर लोकसभा क्षेत्र की 8 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं को टारगेट दिए गए हैं।
महाजनसंपर्क अभियान में घर घर जाएंगे
भाजपा मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर इसी महीने महा जनसंपर्क अभियान भी चला रही है। इसी महीने के अंत तक भाजपा के कई बड़े नेता वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर जाकर जनसंपर्क करेंगे।


0 टिप्पणियाँ