जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
गहलोत सरकार धार्मिक केंद्रों को ट्यूरिस्ट डेस्टिनेशन की तरह विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। सीएम अशोक गहलोत ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 13.48 करोड़ मंजूर किए हैं। इस फंड से नागौर, जैसलमेर और अलवर के प्रमुख धार्मिक केंद्रों को ट्यूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित करने के काम होंगे। सीएम ने देवस्थान और उद्योग मंत्री शकुंतला रावत के विधानसभा क्षेत्र बड़े मंदिरों के विकास कामों के लिए 4.24 करोड़ का फंड मंजूर किया है।
नागौर जिले में बुटाटी में 3.10 करोड़ रुपए, घाटवेश्वर महादेव मंदिर में 1.65 करोड़, हरमल दासजी महाराज मंदिर में 1.61 करोड़ और दरगाह हजरत सम्मन बड़ी खाटू में 1.36 करोड़ रुपए सहित कुल 7.74 करोड़ रुपए के काम करवाए जाएंगे।
जैसलमेर के कालेडूंगर राय मंदिर को विकसित करेगी सरकार
सीएम ने जैसलमेर के ऐतिहासिक धार्मिक पर्यटन स्थल कालेडूंगर राय मंदिर परिसर में विकास कामों के लिए 1.50 करोड़ मंजूर किए हैं। इस मंदिर के प्रांगण में मार्बल टाइल्स, सोलर पावर प्लांट, नई धर्मशाला बनाई जाएगी। सरकार के फंड से मंदिर परिसर में लगी बैंचों की मरम्मत होगी। मंदिर तक तक जाने के लिए सीसी रोड, जैसलमेर-जेठवाई-कालेडूंगरर सड़क को अपग्रेड किया जाएगा।
देवस्थान मंत्री के क्षेत्र बानसूर में धार्मिक केंद्रों के लिए 4 करोड़ से ज्यादा का फंड
देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत के विधानससभा क्षेत्र अलवर जिले के बानसूर में दो प्रमुख मंदिरों में विकास के काम करवाने के लिए सीएम अशोक गहलोत ने 4.24 करोड़ का फंड मंजूर किया है। इस फंड से अलवर जिले के बानसूर किले में माताजी मंदिर, गंगा माता मंदिर और तालवृक्ष में विकास के काम होंगे। बानसूर किले में माताजी मंदिर की सीढियों की मरम्मत होगी। किले में नया पाथवे बनाने के साथ स्टील रैलिंग, नया हॉल बनेगा। पत्थर की बैंच बनाई जाएंगी। सोलर प्लांट लगाने के साथ विकास के दूसरे काम करवाए जाएंगे। गंगा माता मंदिर, तालवृक्ष में नई धर्मशाला बनेगी। सोलर लाइट लगाने, मंदिर परिसर में पार्किंग, चारदीवारी बनाने सहित कई काम होंगे।


0 टिप्पणियाँ