सीकर ब्यूरो रिपोर्ट।  

पूर्व उपराष्ट्रपति व राजस्थान के तीन बार मुख्यमंत्री रहे भैरोंसिंह शेखावत के जन्म शताब्दी समारोह का शुभारंभ 15 मई को खाचरियावास से होगा। रेफरल अस्पताल के पास स्व. भैरोसिंह शेखावत की प्रतिमा स्थल पर सुबह 11 बजे से होने वाले समारोह में सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी व राजस्थान के तीनों कैबिनेट मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन लाल मेघवाल व कैलाश चौधरी भी शामिल होंगे।

समारोह की तैयारियों को लेकर भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने खाचरियावास में पार्टी पदाधिकारियों व प्रमुख लोगों के साथ बैठक की और कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर भाजपा कार्यकर्ता जनसम्पर्क कर रहे हैं। पीले चावल बांटकर कार्यक्रम में आने के लिए लोगों को आमंत्रित कर रहे हैं।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने कहा कि पूर्व उपराष्ट्रपति व पूर्व मुख्यमंत्री रहे भाजपा के संस्थापक सदस्य स्व. भैरोंसिंह शेखावत की जन्म शताब्दी समारोह में देश-प्रदेश के हजारों लोग मौजूद रहेंगे। वहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल हो सकती है। चतुर्वेदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से समारोह के लिए पार्किंग, समारोह स्थल की व्यवस्था, पानी आदि की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।

इस मौके पर अभिमन्यु सिंह राजवी, सीकर भाजपा जिलाध्यक्ष इंद्रा चौधरी, किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष हरिराम रणवां, प्रदेश मंत्री मधू कुमावत, प्रभारी दिनेश धाभाई शक्ति सिंह अलोदा, प्रभु सिंह गोगावास, राजेंद्र सिंह धीरजपूरा, डॉ. खेताराम कुमावत, गजानंद कुमावत, दिग्विजय सिंह शेखावत, राजेंद्र सिंह भारिजा, महावीर गोरिया, बाबूलाल हल्दुनिया सहित भाजपा के अनेक कार्यकर्त्ता मौजूद थे।