जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद सरकार बनाने के लिए राजस्थान के एकमात्र पूर्व केंद्रीय मंत्री व अलवर के पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह को बतौर पर्यवेक्षक जिम्मेदारी दी है।उनके साथ कांग्रेस के सुशील कुमार शिंदे, दीपक बावरिया को भी लगाया है। जितेंद्र सिंह रविवार दोपहर को दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वहां से फ्लाइट से बेंगलुरु पहुंचेंगे।

2013 के चुनाव में भी ऑब्जर्वर थे

जितेंद्र सिंह 2013 के कर्नाटक विधानसभा के चुनाव में भी आब्जर्वर थे। इसके अलावा स्क्रीनिंग कमेटी के मेंबर भी बनाए गए थे। उस समय पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी व जितेंद्र सिंह लगाए गए थे। अब वापस तीन सदस्यों की कमेटी में अलवर के पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह को जिम्मेदारी दी है।

सिंह ने कहा कर्नाटक की जीत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह

जितेंद्र सिंह ने दिल्ली जाते समय बताया कि कर्नाटक की जीत से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। इसका आगे राजस्थान, एमपी व छत्तीगढ़ के विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस को ताकत मिलेगी।कर्नाटक चुनाव में बीजेपी के एजेंडे को जनता ने नकार दिया। जो हमेशा जाति, धर्म और बांटने की राजनीति करते रहे हैं। लेकिन कर्नाटक की जनता ने बीजेपी को करारा जवाब दिया है।