जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जयपुर में लुटेरी दुल्हन के जाल में एक एडवोकेट के फंसने का मामला सामने आया है। शादी रचाकर लुटेरी दुल्हन उसे मुम्बई अपने फ्लैट पर ले गई। लुटेरी दुल्हन गैंग ने बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। पीछा छुड़ाने के एवज में 15 लाख रुपए देने के लिए ब्लैकमेल किया। मुरलीपुरा थाने में पीड़ित एडवोकेट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

पुलिस ने बताया कि सीकर रोड मुरलीपुरा निवासी 32 वर्षीय एडवोकेट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। नवम्बर-2022 में क्लाईंट के साथ कोर्ट में पूजा नाम की लड़की से हुई है। पूजा ने उससे कॉन्टैक्ट कर रिलेशन बढ़ाने की कोशिशकी। बातों में लेकर उसने उसे प्यार में फांस लिया। 15 जनवरी 2023 को पूजा से शादी हो गई। शादी में उसका मुंहबोला भाई, भतीजा और उसका दोस्त शामिल हुए। शादी के कुछ समय बाद ही पूजा मुम्बई में रहने के लिए दबाव बनाने लगी।

घर पर आए दिन लड़ाई-झगड़े से मजबूरन परेशान होकर उसके साथ 26 मार्च को मुंबई चला गया। मुंबई में पत्नी के फ्लैट पर रहने के दौरान उसे लुटेरी दुल्हन गैंग के बारे में पता चला। पत्नी के दो जनों से पहले शादी करने की भी जानकारी हुई। इस बारे में लुटेरी दुल्हन गैंग को पता चला तो उन्होंने उसे बंधक बना लिया। करीब एक महीने बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की। किडनैप कर उसको धमकाते रहे।

10 मई 2023 को वह उनके चुंगल से फरार हो गया। जान बचाकर जैसे-तैसे जयपुर आ गया। उसके बाद से लुटेरी दुल्हन कॉल कर धमकियां देने लगी। पीछा छुड़ाना चाहता है तो 15 लाख रुपए दें। पीड़ित एडवोकेट ने रिपोर्ट में पुलिस को बताया कि लुटेरी दुल्हन शादी में चढ़ाए गहने भी अपने साथ ले गई है। शादी के दौरान लेकर आई महाराष्ट्र नंबर की एक कार खड़ी है, जो हो सकता है चोरी की हो। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।