राजस्थान में आईपीएल के आयोजन से पहले ही विवाद शुरू हो गया है। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा सवाई मानसिंह स्टेडियम में किए गए निर्माण को लेकर अब खेल मंत्री अशोक चांदना ने नाराजगी जाहिर की है। मंगलवार को SMS स्टेडियम का निरीक्षण करने पहुंचे चांदना ने कहा कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन ने खेल परिषद के साथ हुए एमओयू का उल्लंघन किया है। स्टेडियम में निर्धारित स्थान से ज्यादा पर निर्माण कार्य किया गया है। जो पूरी तरह से गलत है। ऐसे में हम इस पूरे मामले को लेकर सख्त से सख्त कार्रवाई करेंगे। इसके साथ ही जरूरत पड़ने पर हम सील की कार्रवाई को भी अंजाम देंगे।
चांदना ने कहा कि राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा SMS स्टेडियम में बेवजह कब्जा कर लिया गया है। जिसके वजह से कर्मचारी अपने ऑफिस में भी नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे में अब देखना होगा खेल विभाग और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में शुरू हुए विवाद का आईपीएल के आयोजन पर कितना असर होता है।
ये है पूरा विवाद
दरअसल, आईपीएल के आयोजन से पहले राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन ने सवाई मानसिंह स्टेडियम में दो नए सीटिंग बॉक्स का निर्माण करवाया गया है। वहीं अस्थाई स्टैंड की वजह से खेल विभाग के कर्मचारी भी अपने ऑफिस में भी नहीं जा पा रहे थे। इसे लेकर मंंगलवार शाम करीब 6 बजे खेल मंत्री अशोक चांदना ने SMS स्टेडियम का निरिक्षण किया था।
इस दौरान चांदना ने स्टेडियम में हुए अवैध कब्जे को लेकर नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन को चेतावनी देते हुए सील की कार्रवाई करने तक की बात कही है। ऐसे में अब देखना होगा खेल विभाग और राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन में शुरू हुए विवाद का आईपीएल के आयोजन पर कितना असर होता है।
बता दें कि जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में बुधवार को तीन साल के लंबे इंतजार के बाद आईपीएल मैच का आयोजन होगा। इसमें राजस्थान रॉयल्स की टीम लखनऊ सुपर जाइंट्स के साथ मुकाबला करती नजर आएगी। इस बार दर्शकों के लिए स्टेडियम में खास व्यवस्था की गई है। पहली बार दर्शक बिना जालियों के खिलाड़ियों को सीधे मैदान पर खेलते हुए देख सकेंगे। इसके लिए RCA ने एसएमएस स्टेडियम में जालियों की जगह स्पेशल ट्रांसपेरैंसी ग्लास लगाए हैं। वहीं स्टेडियम में दो नए सिटींग बॉक्स भी बनाए गए है। जिसको लेकर अब विवाद शुरू हो गया है।
एसएमएस स्टेडियम में शाम 7 बजे टॉस के साथ मैच की शुरुआत होगी। पहले मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपरजाइंट्स की पूरी टीम जयपुर पहुंच गई है। फिलहाल दोनों ही टीम के खिलाड़ी होटल में आराम कर रहे हैं। जयपुर में 27,000 दर्शकों की क्षमता वाले सवाई मानसिंह स्टेडियम में इस बार सिर्फ 22,960 दर्शक ही आईपीएल मैच का आनंद उठा सकेंगे। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा इस बार स्टेडियम में स्पेशल सीटिंग अरेंजमेंट किया गया है। जिसकी वजह से दर्शकों की क्षमता पहले के मुकाबले 4000 तक कम हुई है।
SMS स्टेडियम की पिच होगी बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग
IPL के रोमांच को बनाए रखने के लिए SMS स्टेडियम की पिच को बल्लेबाजों के अनुकूल तैयार किया जा रहा है। स्टेडियम में कुल 9 पिच हैं, जिनमें से 6 पिच टीमों की प्रैक्टिस के लिए हैं। 3 पिचों पर राजस्थान रॉयल्स के मैच होंगे।
माना जा रहा है कि पिच को कुछ इस तरह तैयार किया जाएगा कि यहां बल्लेबाजों को मदद मिलेगी। पिच पर गेंद बल्ले तक आसानी से आएगी। हालांकि गेंदबाजों को भी यहां अच्छा बाउंस मिलेगा। पिच पर घास भी छोड़ी जाएगी ताकि थोड़ी मदद तेज गेंदबाजों को भी मिले।
राजस्थान रॉयल्स का शेड्यूल
- 19 अप्रैल – राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स, जयपुर (शाम साढ़े सात बजे)
- 23 अप्रैल – रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर बनाम राजस्थान रॉयल्स, बेंगलुरु (दोपहर 3:30 बजे)
- 27 अप्रैल – राजस्थान रॉयल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, जयपुर (शाम साढ़े सात बजे)
- 30 अप्रैल – मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स, मुंबई (शाम साढ़े सात बजे)
- 5 मई – राजस्थान रॉयल्स बनाम गुजरात टाइटंस, जयपुर (शाम साढ़े सात बजे)
- 7 मई – राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद, जयपुर (शाम साढ़े सात बजे)
- 11 मई – कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता (शाम साढ़े 7 बजे)
- 14 मई – राजस्थान रॉयल्स बनाम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, जयपुर (दोपहर 3:30 बजे)
- 19 मई – पंजाब किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स, धर्मशाला (शाम साढ़े सात बजे)
75 यार्ड की बाउंड्रीज कराएंगी मेहनत
जयपुर के मुकाबलों में बड़े स्कोर देखने को तो मिलेंगे, मगर यहां की लंबी बाउंड्री काफी मेहनत कराएगी। जयपुर का एसएमएस स्टेडियम देश के उन मैदानों में गिना जाता है, जहां लंबी बाउंड्री है। यहां मैदान के चारों ओर लगभग 75 यार्ड की बाउंड्री है। फरवरी के बाद से यहां कोई मुकाबले नहीं हुए हैं। ऐसे में ग्राउंड और पिच पूरी तरह फ्रेश हैं।



0 टिप्पणियाँ