जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राहुल गांधी के मुद्दे पर BJP और RSS पर हमला बोला है। उन्होंने कहा- जिस राहुल गांधी की बदौलत UPA राज में एक से बढ़कर एक योजनाएं लागू करवाईं, उनसे बेशर्म RSS और BJP ने मकान खाली करवा लिया। अरे, इतनी छोटी तुम्हारी औकात है। यह तो हमें पता ही नहीं था। हम तो सुनते थे कि RSS के लोग उस वक्त अंग्रेजों के लिए मुखबिरी करते थे, जब कांग्रेस के लोग आजादी की लड़ाई लड़ रहे थे। डोटासरा महंगाई राहत कैंप की शुरुआत के मौके पर जयपुर के पास महापुरा में रैली में बोल रहे थे।

डोटासरा ने कहा- जिस राहुल गांधी की दादी और पिता देश की एकता और अखंडता के लिए शहीद हो गए। उसका मकान भी आप ने दिल्ली में रहने के लिए नहीं छोड़ा। आपको इतना भी सब्र नहीं हुआ। इससे नीचे आप जा भी नहीं सकते हो। यह जनता जनार्दन भगवान है। यह कुर्सी पर बैठाती भी है। जब अहंकार आ जाता है तो कुर्सी से नीचे उतारने का काम भी जनता जनार्दन करती है।

कोई ताकत दोबारा कांग्रेस की सरकार बनने से नहीं रोक सकती

डोटासरा ने कहा- दुनिया की कोई ताकत नहीं है, जो राजस्थान में कांग्रेस की दोबारा सरकार बनाने से रोक सके। चाहे मोदी या अमित शाह आ जाएं। ईडी, इनकम टैक्स सीबीआई आ जाए। कांग्रेस की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। 2023 में दोबारा सरकार बनाने के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हमारे बजट और सरकार की योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाने के काम में जुटना होगा। हमें घर-घर जाकर लोगों को इन योजनाओं के बारे में बताकर लोगों को इनसे जोड़ना होगा। हमें लोगों को बताना पड़ेगा कि सरकार आपको क्या-क्या दे रही है?

गरीब आदमी मुख्यमंत्री को दुआएं दे रहा है

डोटासरा ने कहा- आज महंगाई राहत कैंप में कई बुजुर्ग बैठे थे। एक बुजुर्ग अभी सीएम से मिले, वे पढ़े-लिखे नहीं थे। बुजुर्ग ने सीएम से कहा- आपने पेंशन 750 से बढ़ाकर 1000 रुपए कर दी। वेरी गुड काम किया। आज गरीब आदमी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को दुआएं दे रहा है।

यह काम वही व्यक्ति कर सकता है। भाजपा और आरएसएस के लोग केवल झूठ बोल सकते हैं। वे लोगों का बुरा कर सकते हैं।

धर्म-जाति के आधार पर लोगों को लड़ा कर वोट ले सकते हैं। गरीब को गणेश मानकर सेवा भारतीय जनता पार्टी और आरएसएस नहीं करेगी। गरीब को गणेश मानकर कोई सेवा कर रहा है तो वो हैं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।

राहुल गांधी सच बोलने की कीमत चुका रहे
डोटासरा ने कहा- आप देख सकते हैं सच बोलने की कितनी बड़ी कीमत हमारे नेता राहुल गांधी चुका रहे हैं। साजिश के तहत पहले उन्हें संसद से बाहर कर दिया गया।

स्टे नहीं मिला तो एक महीने के अंदर राहुल गांधी ने अपने घर की चाबी सौंप दी। 19 साल से इस घर में रह कर वो लोगों की सेवा कर रहे थे। देश के लोगों की आवाज उठा रहे थे।

डोटासरा ने कहा- यूपीए के राज में इतनी शानदार योजना आई थीं। आज नरेगा चल रही है, राइट टू एजुकेशन, राइट टू फूड जैसी योजनाएं यूपीए सरकार और कांग्रेस पार्टी की ही देन है।